कोटा, 19 दिसंबर। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू) ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत गोद लिए गए गाँव विजय नगर और गामच में ग्रामीण जीवन स्तर को सुदृढ़ करने हेतु दो दिवसीय सामाजिक उत्थान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि तकनीकी शिक्षा देने के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी विश्वविद्यालय का दायित्व है। उन्होंने जोर देकर कहा, “जब गाँव सशक्त होंगे, तभी देश भी सशक्त बनेगा। नवाचारों से गाँवों को आत्मनिर्भर बनाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।"

कार्यक्रम के प्रथम दिवस में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने रक्तचाप, मधुमेह जैसी सामान्य बीमारियों की जांच की और स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। आवश्यक दवाइयों का निशुल्क वितरण भी किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य, पोषण और नियमित जांच के महत्व पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

दूसरे दिन स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। गाँव की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ-साथ प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन लगाकर कचरे के उचित निस्तारण को सुनिश्चित किया गया। स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें कचरा प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किए गए। इस अभियान में एनसीसी की 14 राजस्थान बटालियन के स्टाफ एवं कैडेट्स तथा एनएसएस के स्वयंसेवकों ने अनुशासन और सेवा-भाव के साथ सक्रिय योगदान दिया।

आरटीयू के इस सामाजिक पहल से न केवल ग्रामीण समुदाय में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि विश्वविद्यालय और ग्रामीणों के बीच सहयोग एवं विश्वास का मजबूत संबंध भी स्थापित हुआ। ग्रामीण उत्थान और सेवा-भाव के इन प्रयासों के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश गया कि शिक्षा और समाज सेवा का समन्वय गाँवों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story