राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) अब केवल सहायक प्रोफेसर बनने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए पीएचडी में प्रवेश का नया मार्ग भी प्रशस्त कर सकती है। कोटा विश्वविद्यालय ने राज्य सरकार को सेट को पीएचडी प्रवेश के लिए मान्यता प्रदान करने का प्रस्ताव भेजा है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों को नेट (NET) की तर्ज पर शोध एवं उच्च शिक्षा में प्रवेश का सुनहरा अवसर मिल सकेगा।

कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि इस संबंध में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को पत्र लिखकर आधिकारिक अनुरोध किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में केवल नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ही पीएचडी प्रवेश में सुविधा मिलती है, लेकिन सेट को मान्यता मिलने से प्रदेश के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के समान लाभ प्राप्त होंगे।

प्रो. सारस्वत ने जोर देकर कहा कि सेट-2026 की परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह से यूजीसी-नेट के मानकों के अनुरूप तैयार की गई है, जो राज्य में शोध संस्कृति को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे 15 जुलाई तक अपना ऑनलाइन आवेदन कोटा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या एसएसओ पोर्टल के माध्यम से पूरा कर लें, ताकि अंतिम समय में सर्वर लोड या तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।

परीक्षा का आयोजन 13 सितंबर 2026 को निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क के तहत सामान्य एवं ओबीसी (क्रीमीलेयर) वर्ग के लिए 1500 रुपये, ओबीसी (नॉन-क्रीमीलेयर) और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 1200 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग श्रेणी के लिए 750 रुपये तय किए गए हैं। इस वर्ष परीक्षा में जनसंचार एवं पत्रकारिता तथा संस्कृत (पारंपरिक) विषयों को पहली बार जोड़कर कुल 37 विषयों में आयोजित किया जा रहा है। राजस्थान उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर कोटा विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जा रही यह परीक्षा राज्य के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर पद की पात्रता निर्धारित करेगी, जो युवाओं के करियर के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story