Rajasthan SET 2026: कोटा यूनिवर्सिटी ने जारी किए परीक्षा गाइडलाइंस
13 सितंबर को 429 केंद्रों पर होगी परीक्षा, सुबह 10 बजे के बाद एंट्री बंद होगी और फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा।

तस्वीर में कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत और समन्वयक प्रो. घनश्याम शर्मा बैठक में शामिल हैं।
कोटा। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET)-2026 में इस बार 1,77,901 अभ्यर्थी शामिल होंगे। कोटा विश्वविद्यालय की ओर से 13 सितंबर को राज्य के सात संभागीय मुख्यालयों में बनाए गए 429 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ऑफलाइन ओएमआर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सबसे अहम निर्देश यह है कि सुबह 10 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार SET-2026 का आयोजन कोटा विश्वविद्यालय द्वारा कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। परीक्षा यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप आयोजित होगी। परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कोटा विश्वविद्यालय में केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि परीक्षा की सुरक्षा, गोपनीयता और संवेदनशीलता से जुड़े सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने की अपील की।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश-पत्र की रंगीन प्रति, मूल फोटोयुक्त पहचान-पत्र के रूप में केवल आधार कार्ड तथा ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड की गई फोटो से मेल खाती एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 9 से 10 बजे तक होगी। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
समन्वयक SET-2026 प्रो. धनश्याम शर्मा ने बताया कि प्रवेश-पत्र पर अंकित परीक्षा केंद्र और रोल नंबर के कोड को केवल सांकेतिक न मानते हुए परीक्षा केंद्र की वास्तविक लोकेशन पहले से सुनिश्चित कर लें। इसके लिए परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्र पर जाकर स्थान की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पुस्तक और नोट्स ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को आधी आस्तीन के हल्के रंग के कपड़े तथा कम हील वाली चप्पल या सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है।
धार्मिक, पारंपरिक अथवा सांस्कृतिक पोशाक में आने वाले अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच के दौरान विशेष रूप से तलाशी ली जाएगी। अभ्यर्थी अपने साथ केवल काले या नीले बॉल पेन लेकर आएं। ओएमआर शीट पर व्हाइटनर, ब्लेड अथवा किसी अन्य वस्तु का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।
परीक्षा के दौरान प्रश्न-पुस्तिका का वितरण लगभग सुबह 10:55 से 11 बजे के बीच किया जाएगा। प्रश्न-पुस्तिका प्राप्त होते ही अभ्यर्थियों को उसके सभी पृष्ठों की जांच करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई पृष्ठ फटा, गायब अथवा पुनर्मुद्रित न हो।
ओएमआर उत्तर-पत्र पर रोल नंबर, विषय, प्रश्न-पुस्तिका का कोड तथा अन्य आवश्यक विवरण अत्यंत सावधानी से अंकित करने होंगे। अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कोटा विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट http://www.uok.ac.in का नियमित अवलोकन करने की अपील की है। SET-2026 में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी और 429 परीक्षा केंद्रों पर आयोजन को देखते हुए प्रवेश समय, आवश्यक दस्तावेज और प्रतिबंधित सामग्री से जुड़े निर्देश परीक्षा में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
