राजस्थान को ऊर्जा के क्षेत्र में सरप्लस स्टेट बनाने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने विद्युत उत्पादन और आपूर्ति तंत्र को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिजली उपलब्धता से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने बैटरी ऊर्जा भंडारण, पम्प स्टोरेज, फीडर सेग्रीगेशन और प्रसारण तंत्र से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के साथ आगामी रबी सीजन में किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।

कोटा, 18 नवंबर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में सरप्लस स्टेट बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विद्युत उपलब्धता की दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्पादन परियोजनाओं और विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है।

मंत्री नागर जयपुर स्थित विद्युत भवन में प्रदेश में बिजली की उपलब्धता, आगामी रबी सीजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति की तैयारियों, किसानों को दिन के दो ब्लॉक में बिजली देने, पीएम कुसुम, आरडीएसएस, पीएम सूर्यघर सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।

बैठक में उन्होंने प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा की बढ़ती हिस्सेदारी को देखते हुए बैटरी एनर्जी स्टोरेज परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सौर और पवन ऊर्जा का प्रभावी उपयोग करने तथा पीक आवर्स में ग्रिड की स्थिरता बनाए रखने के लिए बैटरी स्टोरेज प्रणाली महत्वपूर्ण है। इसके लिए संबंधित विद्युत निगम भूमि आवंटन, निविदा प्रक्रिया और निर्माण कार्यों में तेजी लाएं, ताकि परियोजनाएं निर्धारित लक्ष्य और समय सीमा के अनुरूप पूरी हो सकें।

ऊर्जा मंत्री ने पम्प स्टोरेज परियोजनाओं की भी समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बिजली की अधिकतम मांग को पूरा करने के लिए बैटरी ऊर्जा भंडारण और पम्प स्टोरेज परियोजनाओं का विकास आवश्यक है। इस दौरान अक्षय ऊर्जा निगम, उत्पादन निगम और वितरण निगमों की ओर से विकसित की जा रही बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।

आगामी रबी फसल सीजन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मंत्री नागर ने कहा कि सिंचाई के दौरान किसानों को पर्याप्त बिजली बिना किसी व्यवधान के उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए कृषि फीडरों का रखरखाव, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और लोड प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि रबी सीजन में ट्रिपिंग और वोल्टेज संबंधी समस्याएं सामने नहीं आएं।

मंत्री ने आरडीएसएस योजना के तहत कृषि और घरेलू फीडरों के पृथक्करण तथा विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फीडर सेग्रीगेशन का काम जल्द पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी और किसानों को निर्धारित दो ब्लॉक में गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने धीमी गति से काम करने वाले संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

प्रसारण तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा की निकासी के लिए राजस्थान में ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर के तहत नई ट्रांसमिशन लाइनों और ग्रिड सब स्टेशनों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में उत्पादित अक्षय ऊर्जा का उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

बैठक में ऊर्जा विभाग की शासन सचिव आरती डोगरा ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 28 जिलों में किसानों को दिन के दो ब्लॉक में बिजली आपूर्ति की जा रही है। अजमेर डिस्कॉम प्रदेश का पहला ऐसा वितरण निगम बन गया है, जहां सभी जिले दो ब्लॉक सप्लाई से जुड़ चुके हैं।

उन्होंने बताया कि जयपुर डिस्कॉम के शेष चार जिलों सवाई माधोपुर, कोटपूतली-बहरोड़, बारां और अलवर में भी किसानों को दो ब्लॉक में बिजली आपूर्ति से जोड़ने के लिए 33 केवी के 28 नए जीएसएस तैयार किए जा रहे हैं।

बैठक में अक्षय ऊर्जा निगम के सीएमडी रोहित गुप्ता, ऊर्जा विकास निगम के एमडी शिवप्रसाद नकाते, अजमेर एवं जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल और उत्पादन निगम के सीएमडी देवेन्द्र श्रृंगी ने भी अपनी-अपनी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

ऊर्जा विभाग की संयुक्त सचिव नित्या के सहित सभी विद्युत निगमों के निदेशक तकनीकी, निदेशक ऑपरेशन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, अक्षय ऊर्जा के बेहतर उपयोग, ग्रामीण विद्युत तंत्र को मजबूत करने और रबी सीजन में किसानों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story