राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिले जनादेश ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने चुनाव परिणामों को भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव 2028 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल नहीं, बल्कि जनता की ओर से भाजपा को विधानसभा चुनाव का आईना दिखाने वाला जनादेश है।

गुंजल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अतिउत्साहित होकर पंचायत चुनावों को 2028 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल प्रचारित किया था, लेकिन अब इन परिणामों ने सरकार को जनता का रुख बता दिया है। राजस्थान की जनता भाजपा के उस एजेंडे को देख रही है, जिसमें किसी भी तरह सत्ता हासिल करना और सत्ता में बने रहना प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी मशीनरी के माध्यम से संस्थाओं पर कब्जा बनाए रखने की भाजपा की कार्यशैली प्रदेश की जनता नगरीय निकाय चुनावों में भी देख चुकी है।

उन्होंने कहा कि जनता की ओर से दिए गए जनादेश को सत्ता के बल पर खरीदने और तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिशें हुई हैं। सरकारी मशीनरी और संवैधानिक संस्थाओं को इस प्रक्रिया का हिस्सा बनाकर सरकार बनाने और उसे बचाए रखने के प्रयास किए गए। संस्थाओं पर कब्जा करने तथा सत्ता में बने रहने के लिए जब सरकारी मशीनरी ही इसी दिशा में सोचने लगे तो अंतिम निर्णय जनता को करना होता है। गुंजल के अनुसार, प्रदेश की जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से यह निर्णय सुना दिया है।

पूर्व विधायक ने राज्य सरकार पर पिछले तीन वर्षों में विकास के नाम पर जनता के भरोसे को ठगने और लोगों के साथ नाइंसाफी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों का जनादेश 2028 के विधानसभा चुनावों का संकेत है।

कोटा और बारां के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए गुंजल ने कहा कि दोनों जिलों में कांग्रेस का जिला प्रमुख बनेगा। इसके साथ ही सभी पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान भी बनेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा को खारिज कर दिया है और राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी को नकारते हुए कांग्रेस पर विश्वास जताया है।

गुंजल ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के पक्ष में जनादेश देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया और पूरे राजस्थान के मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उनके बयान ने पंचायत चुनावों के परिणामों को आगामी 2028 के विधानसभा चुनावों से जोड़कर प्रदेश की राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story