राजस्थान: 16 देशों के टूर ऑपरेटर्स ने किया कोटा-बूंदी का भ्रमण
द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार के तहत विदेशी प्रतिनिधियों ने हाड़ौती की ऐतिहासिक धरोहरों और रिवर फ्रंट का अवलोकन किया।

बूंदी में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी विदेशी टूर ऑपरेटर्स को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए।
जयपुर के सीतापुरा स्थित JECC में आयोजित “द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार” के अंतर्गत 52 देशों से आए टूर ऑपरेटर्स के लिए आयोजित राज्य स्तरीय विशेष भ्रमण कार्यक्रम के तहत होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के प्रयासों से हाड़ौती क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। इसी क्रम में 16 देशों से आए विदेशी टूर ऑपरेटर्स का कोटा-बूंदी भ्रमण के दौरान बूंदी स्थित अनंता रिसोर्ट एवं द हाड़ौती पैलेस में पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ौती भ्रमण कार्यक्रम में मलेशिया, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, रूस, इंडोनेशिया, वियतनाम, इटली, चीन, श्रीलंका, कंबोडिया, थाईलैंड, जापान, स्वीडन, न्यूज़ीलैंड, भूटान और नेपाल से आए विदेशी टूर ऑपरेटर्स शामिल थे। इनमें प्रमुख रूप से टोमेटो ट्रैवल एंड ट्रेडिंग के चोई बुम चुल, वीथस ट्यूर ऑपरेशन लिमिटेड के यूनसोड पार्क, सन केचर्स हॉलिडे टीम के हैनिगेंग लेक, होम वॉक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के रॉबर्ट टेन, एवीजी ट्रैवल्स से जाना एमसी ब्राइड, टाना सोर्स पॉल्यूश साइन और मालवीय ट्रैवल्स लिमिटेड से एलिसा लैंग्वेज शामिल रहे।
भ्रमण के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों को बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों—तारागढ़ दुर्ग, रानी जी की बावड़ी सहित अन्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का विस्तृत अवलोकन कराया गया। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बूंदी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, सचिव लोकेश सुखवाल, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा, रोहित पटौदी एवं नारायण मंडावरा सहित पूरी टीम ने पर्यटकों को इन स्थलों के इतिहास और महत्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
बूंदी की अद्वितीय स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत को देखकर सभी विदेशी टूर ऑपरेटर्स अभिभूत नजर आए। उन्होंने बूंदी को उत्कृष्ट पर्यटन नगरी बताते हुए इसे विदेशी पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक केंद्र बताया।
इसके पश्चात कोटा भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों को चंबल रिवर फ्रंट और सिटी पार्क जैसे आधुनिक एवं विश्व स्तरीय पर्यटन स्थलों का अवलोकन कराया गया। इन स्थलों की भव्यता, स्वच्छता और विकसित संरचना ने सभी को प्रभावित किया। विदेशी प्रतिनिधियों ने इन पर्यटन स्थलों की सराहना करते हुए इन्हें विश्व स्तरीय बताया और विश्वास जताया कि आने वाले समय में हाड़ौती क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।
विदेशी टूर ऑपरेटर्स ने कहा कि वे अपने-अपने देशों में लौटकर यहां के पर्यटन स्थलों की मार्केटिंग करेंगे तथा भारत भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों को हाड़ौती क्षेत्र की यात्रा के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने सभी अतिथियों को हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन पर आधारित सेवीनियर प्रदान किए और क्षेत्र की विशेषताओं से अवगत कराया। साथ ही सभी विदेशी टूर ऑपरेटर्स को हाड़ौती का स्मृति चिन्ह, बूंदी दुर्ग की तस्वीर, शील्ड एवं किट भेंट की गई।
भ्रमण के दौरान सभी टूर ऑपरेटर्स को हाड़ौती के पारंपरिक व्यंजन भी परोसे गए। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान द्वारा किए गए आतिथ्य सत्कार और मेहमाननवाजी से सभी विदेशी प्रतिनिधि अत्यंत प्रभावित और गदगद नजर आए। यह आयोजन हाड़ौती क्षेत्र को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
