विप्र फाउंडेशन ने जयपुर में IAS-RAS चयनित अधिकारियों का किया सम्मान, हाड़ौती संभाग के पदाधिकारियों की रही प्रमुख भागीदारी
विप्र फाउंडेशन द्वारा जयपुर के श्री परशुराम ज्ञानपीठ, मानसरोवर में आयोजित सम्मान समारोह में राजस्थान के IAS एवं RAS में चयनित लगभग 100 अधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मनोज शर्मा, उपेंद्र अनमोल, सुशील ओझा सहित हाड़ौती और कोटा संभाग के अनेक पदाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जयपुर में आयोजित सम्मान समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथि और विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी।
कोटा, 19 जुलाई। विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार को जयपुर के श्री परशुराम ज्ञानपीठ, मानसरोवर में राजस्थान के IAS एवं RAS में चयनित समाज के अधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान "जय श्री परशुराम" के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
समारोह में राजस्थान के वरिष्ठ IAS एवं RAS अधिकारियों, मुख्यमंत्री के ओएसडी मनोज शर्मा, शिक्षाविद् एवं लेखक उपेंद्र अनमोल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित लगभग 100 अधिकारियों का शॉल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में हाड़ौती क्षेत्र और कोटा संभाग से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा "चच्चु भैया" के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण मुरारी चतुर्वेदी, मुख्य संगठन प्रदेश महामंत्री विकास भार्गव तथा कोटा शहर अध्यक्ष शिव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। वहीं राष्ट्रीय संयोजक सुशील ओझा, राजस्थान के पूर्व DGP ओमेंद्र भारद्वाज, हरिप्रसाद शर्मा IPS सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 500 प्रमुख पदाधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान सुशील ओझा, ओमेंद्र भारद्वाज, हरिप्रसाद शर्मा तथा भुवनेश्वर शर्मा ने राजस्थान के नव-चयनित RAS एवं IAS अधिकारियों का सम्मान किया। वरिष्ठ IAS एवं RAS अधिकारियों ने भावी अभ्यर्थियों को सफलता का मार्गदर्शन देते हुए प्रेरक संवाद किया तथा प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा और करियर मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने संबोधन में सुशील ओझा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से भुवनेश्वर शर्मा "चच्चु भैया" के जुझारूपन और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सक्रियता की सराहना की। साथ ही सभी चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के युवा इन अधिकारियों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों और सम्मानित अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
