कोटा : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 18 अगस्त को एआईसीसी मुख्यालय इंदिरा भवन, नई दिल्ली में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अन्य पिछड़ा वर्ग) ओबीसी विभाग के संभाग व जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर संवाद करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक विषयों, अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव और देहात अध्यक्ष टीकमचंद सुमन ने बताया कि कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र भेजकर दिल्ली में आयोजित बैठक में उपस्थित रहने के लिए लिखा है। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की ओर से आयोजित इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के संभाग व जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण एवं विस्तृत संवाद करेंगे।

उन्होंने बताया कि बैठक में संगठनात्मक विषयों, अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े मुद्दों तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर राहुल गांधी चर्चा एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

दिल्ली में आयोजित होने वाली ओबीसी विभाग की बैठक को लेकर शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव और देहात अध्यक्ष टीकमचंद सुमन ने कोटा लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल से उनके निवास पर मुलाकात कर चर्चा की और मार्गदर्शन लिया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में ओबीसी विभाग की जयपुर में हुई बैठक के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।

दीपक नामदेव और टीकमचंद सुमन ने कहा कि प्रहलाद गुंजल का मार्गदर्शन सभी कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में ओबीसी कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे, जिससे संगठन मजबूत होगा और कांग्रेस का कारवां आगे बढ़ेगा।

दोनों अध्यक्षों ने कहा कि प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व व मार्गदर्शन के चलते कांग्रेस ओबीसी विभाग कोटा में सक्रिय रूप से काम कर रहा है और अल्प समय में ही ओबीसी वर्ग बड़ी संख्या में कांग्रेस से जुड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में हुए ओबीसी विभाग के जिला स्तरीय अधिवेशन एवं पदभार ग्रहण कार्यक्रम, छात्रों की गूंज कार्यक्रम सहित सफल आयोजनों को लेकर जयपुर में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में कोटा के दोनों अध्यक्षों को सम्मानित किया गया था।

इसी क्रम में सफल तिरंगा रैली के आयोजन को लेकर प्रहलाद गुंजल ने दोनों अध्यक्षों को सूत की माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। वहीं दीपक नामदेव और टीकमचंद सुमन ने भी गुंजल को ओबीसी कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आशीर्वाद लिया। अब 18 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली बैठक में राजस्थान ओबीसी विभाग के संभाग व जिला अध्यक्षों के साथ राहुल गांधी का संवाद संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story