लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून को कोटा का दौरा करेंगे, जहां वे नीट पेपर लीक एवं सीबीएसई से जुड़े मामलों को लेकर छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम और देहात अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने जानकारी दी कि पुष्कर में आयोजित 10 दिवसीय जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर के दौरान हुई मुलाकात में उन्होंने राहुल गांधी को कोटा आने का आमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसी क्रम में राहुल गांधी बुधवार, 17 जून को कोटा पहुंचकर छात्रों से संवाद करेंगे।

नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम के लिए शहर में चार स्थान प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें श्री राम रंगमंच दशहरा मैदान, दादाबाड़ी, श्रीनाथपुरम स्टेडियम और न्यू पब्लिक स्कूल कुन्हाड़ी शामिल हैं। इनमें से सुरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त स्थान का चयन राहुल गांधी की सुरक्षा टीम और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर अंतिम रूप से तय किया जाएगा।

इसी बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान सह प्रभारी पूनम पासवान शनिवार दोपहर कोटा पहुंचीं, जहां शहर अध्यक्ष राखी गौतम, देहात अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस महासचिव डॉ. विजय सोनी ने बताया कि पूनम पासवान रविवार शाम 4:30 बजे गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक लेंगी।

बैठक में कोटा उत्तर, कोटा दक्षिण और लाडपुरा विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें संगठन को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही विधायक, पूर्व विधायक, प्रत्याशी, वरिष्ठ नेता और ब्लॉक अध्यक्ष भी बैठक में भाग लेंगे।

कोटा में होने वाले इन दोनों राजनीतिक कार्यक्रमों को कांग्रेस संगठनात्मक गतिविधियों और छात्र संवाद के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिन पर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल बढ़ने की संभावना है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story