कोटा में राहुल गांधी के छात्र संवाद की तैयारियां तेज, तीन विधानसभा बैठकों में रणनीति तय
कोटा में 17 जून को होने वाले राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम की सफलता के लिए कांग्रेस शहर अध्यक्ष राखी गौतम और सह प्रभारी पूनम पासवान ने बैठक ली।

कोटा के गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में चर्चा करतीं सह प्रभारी पूनम पासवान, शहर अध्यक्ष राखी गौतम व अन्य पदाधिकारी।
कोटा में 17 जून को प्रस्तावित कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत रविवार को शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कोटा की तीनों विधानसभाओं—लाडपुरा, कोटा दक्षिण और कोटा उत्तर—में संगठनात्मक बैठकें लीं। इन बैठकों में राजस्थान की सह प्रभारी एवं एआईसीसी सचिव पूनम पासवान भी मौजूद रहीं।
बैठकों का आयोजन एआईसीसी के निर्देश पर किया गया, जिसमें छात्र संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। दोपहर में लाडपुरा विधानसभा की बैठक हुई, जिसके बाद शाम को गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में कोटा दक्षिण और कोटा उत्तर विधानसभा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य संगठनात्मक जिम्मेदार पदाधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते हुए पूनम पासवान ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की “मन की बात” सुनकर उसे संसद में उठाएंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वे “अपने मन की बात” जनता पर थोपते हैं। उन्होंने कहा कि कोटा से इस छात्र संवाद अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसमें नीट पेपर लीक, परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि नीट पेपर लीक मामलों और शिक्षा व्यवस्था में कथित खामियों के कारण छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग भी की। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 17 जून को शाम 5 बजे श्री राम रंगमंच दशहरा मैदान में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे, जिसके बाद उनकी आवाज संसद तक पहुंचेगी।
बैठक का संचालन महासचिव डॉ. विजय सोनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संजय वर्मा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में सभी पदाधिकारियों को अधिक से अधिक छात्रों और अभिभावकों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया गया।
यह छात्र संवाद कार्यक्रम कोटा में राजनीतिक और शैक्षणिक मुद्दों के बीच एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में छात्रों की भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
