नीट पेपर लीक और स्वास्थ्य सेवाओं पर राहुल गांधी ने कोटा के छात्रों से की चर्चा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोटा के छात्रों से नीट परीक्षा में अनियमितता, कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर संवाद किया।

दिल्ली में राहुल गांधी के साथ नीट परीक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के मुद्दों पर चर्चा करते हुए कोटा के छात्रों का प्रतिनिधिमंडल।
कोटा, 28 मई 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में कोटा से पहुंचे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद कर नीट परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक के मामलों को गंभीरता से लिया है। शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम के निर्देशन में कोटा से गए इस प्रतिनिधिमंडल ने न केवल नीट परीक्षा की अनियमितताओं के चलते छात्रों के भविष्य पर मंडराते संकट को उजागर किया, बल्कि कोटा मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक लापरवाही के कारण हुई प्रसूताओं की मौतों और स्वास्थ्य व्यवस्था की दयनीय स्थिति के बारे में भी राहुल गांधी को अवगत कराया।
नेता प्रतिपक्ष ने एक अभिभावक की भांति छात्रों की आपबीती सुनी और उन्हें न्याय दिलाने का पूर्ण आश्वासन दिया। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर कड़े सवाल उठाए। कोटा के छात्र मंदीप योगी (9694343975) ने राहुल गांधी से वार्ता करते हुए नीट परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था एनटीए (NTA) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीते तीन वर्षों से लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, अतः सरकार को एनटीए से अधिकार वापस लेकर इसे अपने हाथों में ले लेना चाहिए।
इसी क्रम में छात्र लक्ष्य सोन (8619033433) ने कोचिंग संस्थानों की मनमानी फीस और छात्रों के बढ़ते सुसाइड के मामलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। लक्ष्य ने बताया कि कोचिंग संस्थान अक्सर आत्महत्या के मामलों को ड्रग्स या प्रेम संबंधों का नाम देकर दबा देते हैं। वहीं, छात्रा सूफियाना अली (7852849891) ने अपनी प्रेरणा साझा करते हुए कहा कि परिवार में हार्ट अटैक से हुई मृत्यु के बाद वे डॉक्टर बनकर कोटा की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार करने के लिए संकल्पित हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में जतिन प्रजापति, मोहम्मद आतिफ सहित अन्य अभ्यर्थी भी शामिल रहे।
राहुल गांधी ने छात्रों को आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएंगे। वहीं, शहर कांग्रेस की ओर से युवा कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनीष भारद्वाज एवं हिमांशु राऊत ने नेता प्रतिपक्ष को कोटा के राजकीय मेडिकल अस्पताल में प्रशासन की भारी लापरवाही से प्रसूताओं की हुई असमय मौतों और कई अन्य प्रसूताओं के गंभीर बीमार होने के मामले की विस्तृत जानकारी दी। राखी गौतम के अनुसार, कोटा से उठी यह आवाज अब नीट परीक्षार्थियों के संघर्ष और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग के रूप में राष्ट्रव्यापी गूंज बन चुकी है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
