कोटा, 9 मार्च। प्रेस क्लब कोटा की वार्षिक आमसभा रविवार को प्रेस क्लब स्थित प्रो. ललित किशोर चतुर्वेदी सभागार में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। आमसभा में क्लब की गतिविधियों, आय-व्यय, पत्रकार हितों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में क्लब की महिला सदस्यों सहित जनसंपर्क विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती रचना शर्मा एवं सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती आकांक्षा शर्मा का पुष्पहार भेंट कर सम्मान भी किया गया। आमसभा की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

पत्रकार हित सर्वोपरि, सदस्यों के सुझावों पर अमल का भरोसा

अपने स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि "प्रेस क्लब कोटा सदैव अपने सदस्यों के हितों के लिए कार्य करता रहा है और आगे भी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास किए जाएंगे।" उन्होंने आमसभा में सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों और प्रस्तावों पर विस्तार से जवाब देते हुए आश्वस्त किया कि क्लब की गतिविधियों और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।





पत्रकार पेंशन बढ़ाने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

प्रेस क्लब के सचिव जितेन्द्र कुमार शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए क्लब की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि "विभिन्न चुनौतियों और विकट परिस्थितियों के बावजूद प्रेस क्लब की आय बरकरार है, जो सभी सदस्यों के सहयोग का परिणाम है।" उन्होंने वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों की पेंशन राशि 15 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार भी व्यक्त किया।

आय-व्यय का ब्यौरा और महिला शक्ति का सम्मान

कोषाध्यक्ष रघुवीर कपूर शम्मी ने गत वर्ष के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा आमसभा के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब से जुड़ी महिला पत्रकारों और सदस्यों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई। इस दौरान वक्ताओं ने पत्रकारिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक परिवर्तन बताते हुए कहा कि "महिला पत्रकार समाज में सशक्त भूमिका निभा रही हैं।"

वरिष्ठ पत्रकारों के सुझाव एवं कार्यकारिणी की उपस्थिति

आमसभा में वरिष्ठ पत्रकार मनोहर पारीक, विशाल उपाध्याय, मोहनलाल बड़ोदिया, विनोद कुमार देवलिया, शैलेन्द्र मेड़तवाल और सूर्यप्रकाश हरितवाल सहित कई सदस्यों ने अपने विचार रखे तथा प्रेस क्लब की गतिविधियों को और मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए। इस अवसर पर मंचासीन पदाधिकारियों में अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास, सचिव जितेन्द्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह हाड़ा, उपाध्यक्ष प्रताप सिंह तोमर, सह सचिव गिरीश गुप्ता, कोषाध्यक्ष रघुवीर कपूर शम्मी, कार्यकारिणी सदस्य संजीव सक्सेना, रमेशचंद गौतम, नीरज राजावत, अनिल कुमार देवलिया, यतीश व्यास और योगेन्द्र योगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव जितेन्द्र कुमार शर्मा ने किया।

दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि और समापन

आमसभा के अंत में दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद राष्ट्रगान और स्नेहभोज के साथ वार्षिक आमसभा का समापन हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story