प्रहलाद गुंजल की प्रशासन को चेतावनी, एसआईआर में धांधली पर महापड़ाव की दी धमकी
कोटा उत्तर पूर्व के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर पैदल मार्च और सभा का आयोजन किया।

कोटा कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल (पीली जैकेट में), अमीन पठान और अन्य कांग्रेस नेता प्रशासनिक अधिकारी से चर्चा करते हुए।
कोटा: एसआईआर में लगे सरकारी कर्मचारी व सरकारी तंत्र को परेशान करना हमारा मकसद नहीं है परंतु यदि इसमें गड़बड़ियों की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कलेक्टर या संभागीय आयुक्त कार्यालय पर महापड़ाव डालेगा। यह बात कोटा उत्तर पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
प्रशासन को सीधी चेतावनी
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि—
"कांग्रेस कार्यकर्ता ने आपके काम में कोई दखलंदाजी नहीं की है फिर भी यदि एक भी सही नाम को काटा व गलत नाम जोड़ा गया तो सरकार व जिला प्रशासन इसके परिणाम भुगतने को तैयार रहे। सरकार व प्रशासन के कारण अराजकता की स्थितियां बनी तो ईट से ईट बजा देंगे।"
प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संख्या देखकर प्रशासन सकते में आ गया। पैदल मार्च गुंजल के नयापुरा कार्यालय से प्रारंभ हुआ जिसमें सैकड़ो की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारे लगाते चल रहे थे। पैदल मार्च कलेक्ट्री पर सभा में विसर्जित हो गया।
वोट चोरी और लोकतंत्र के हनन का आरोप
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गुंजल ने कहा कि:
- एसआईआर के नाम पर मोदी शाह वोट चोरी करके सत्ता हथियाना चाहते हैं।
- प्रत्येक राज्य में कांग्रेस विचारधारा व गैर भाजपा विचारधारा के वोटो को काटने का अभियान चला रखा है।
- राजस्थान से पहले जितने भी राज्यों में एसआईआर के नाम पर वोट काटे गए हैं, यदि वह बांग्लादेशी, रोहंगिया या घुसपैठिये हैं, तो मोदी शाह बताएं कि अभी तक कितने घुसपैठियों को देश के बाहर निकाला गया है।
गुंजल ने कहा—
"ये सिर्फ धार्मिक उन्माद फैला कर सत्ता में बने रहना चाहते हैं। परंतु जो लोग मोदी को सत्ता में लाए थे आज वही उनकी नीतियों के चलते उन्हें बाहर का रास्ता दिखाएंगे। अगर सरकार ने लोकतंत्र का खून करने का इरादा तय कर लिया तो फिर सर पर कफन बांध लेना कि हमने भी बलिदान के रास्ते पर जाने का संकल्प ले लिया है, एक भी सही नाम काटने नहीं देंगे व एक भी गलत नाम जुड़ने नहीं देंगे।"
ओम बिरला पर साधा निशाना
गुंजल ने कहा कि ओम बिरला ने 2014 में शहर की जनता से वादा किया था कि यदि कोटा में हवाई सेवा शुरू नहीं हुई तो मैं अगला चुनाव नहीं लडूंगा, परंतु वह 2019 व 2024 का चुनाव भी लड़ लिए हैं। अभी तो सिर्फ एयरपोर्ट की चार दिवारी का काम ही प्रारंभ हुआ है, वह अति उत्साहित नजर आ रहे हैं।
गुंजल ने अन्य सवाल भी दागे:
- "क्या सरकार के सर्वोच्च पद पर बैठने के बाद व प्रदेश में भी उनकी ही सरकार होने के बाद भी उन्हें सरकार के कामकाज पर भरोसा नहीं है?"
- "बिरला बताएं उन्होंने आज तक अपने व्यक्तिगत स्तर से कितने अस्पताल कोटा या उनके लोकसभा क्षेत्र में बनवा दिए?"
- "अगला चुनाव मोदी मंदिर की चादर ओढ़ कर नहीं अपने काम के आधार पर लड़ना। कोटा में हवाई जहाज उड़ेगा या नहीं पर बिरला जी के चेहरे की अभी से ही हवाइयां उड़ रही हैं।"
कोचिंग नगरी की दुर्दशा और जेके फैक्ट्री का मुद्दा
गुंजल ने कहा कि पूरा शहर जानता है की शिक्षा की काशी के नाम से जाने जाने वाली कोचिंग नगरी कोटा की इस दुर्दशा का जिम्मेदार कौन है। कोटा शहर का आम आदमी यह जानना चाहता है कि अब सरकार व कोटा के सांसद कोचिंग नगरी को पुन स्थापित करने के लिए क्या प्रयास कर रहे हैं।
जेके फैक्ट्री के मुद्दे पर उन्होंने बिरला को घेरते हुए कहा:
"जेके के लोग साल भर से धरने पर बैठे हैं उनके बारे में बिरला जी कुछ नहीं बोल रहे, कहीं जेके फैक्ट्री में भी कुछ कर तो नहीं लिया आपने बिरला जी? मैं जेके फैक्ट्री के लोगों को पहले भी कह कर गया था आज फिर कह रहा हूं यदि जेके के मजदूर वर्ग के लोगों के लिए लड़ना पड़ा तो मैं लडूंगा।"
अन्य नेताओं के संबोधन
- पूर्व विधायक पूनम गोयल: "एसआईआर के नाम पर वोट चोरी करने की कोशिश हो रही है। कैथून में कुल 18000 मतदाता हैं परंतु वहां भी बीजेपी द्वारा 3500 लोगों के नाम पर आपत्ति लगाकर उनके नाम कटवाने की कोशिश हो रही है, अब कांग्रेस का कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेगा।"
- आमीन पठान (खेल प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक): "कांग्रेस ने एक लड़ाई आजादी की लड़ी थी अब यह लड़ाई हमारे वोट के अधिकार को बचाने के लिए लड़नी पड़ रही है। ज्ञापन देने से कुछ नहीं होगा हमें आर पार की लड़ाई लड़नी होगी। मैं जानता हूं कांग्रेस के कार्यकर्ता के डीएनए में लड़ाई लड़ने का जज्बा है। हम गोरे अंग्रेजों से भी जीते थे अब इन काले अंग्रेजों से भी जीतेंगे।"
कार्यक्रम का संचालन विपिन बरथूनिया ने किया।
प्रदर्शन में यह भी रहे मौजूद
प्रदर्शन में निम्नलिखित नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे: युवा नेता ब्रजेश शर्मा नीटू, ओबीसी प्रकोष्ठ के संभाग के अध्यक्ष अशोक नागर, शहर जिला अध्यक्ष दीपक नामदेव, देहात अध्यक्ष टीकम चंद सुमन, कैथून नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष नसरुद्दीन, पंचायत समिति सदस्य लोकेश गुंजल, अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के शहर जिला अध्यक्ष राकेश राठौर, देहात अध्यक्ष, सुल्तानपुर मंडल अध्यक्ष महेंद्र गुर्जर, पूर्व पार्षद इसरार अहमद, आसिफ मिर्जा, इंद्र कुमार जैन, विकास तंवर, बादशाह खान, आशु श्रंगी, धनराज चेची, सोनू भील, इरफान घोसी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कल्याण गुर्जर, अजयभान सिंह शक्तावत, विनोद शर्मा, हिरदेश सक्सेना, रहीम खान, राजीव आचार्य, प्रशांत सक्सेना, सत्य प्रकाश लोधा, ललित सरदार, हिमांशु शर्मा, राजकुमार बोयत, धर्मा गुर्जर, नीरज शर्मा, दिनेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
