कोटा। पूर्व विधायक व कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल ने अपना जन्मदिन सादगी और सेवा के अनूठे संकल्प के साथ मनाया। गुंजल के जन्मदिन के अवसर पर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने इसे 'रदान दिवस' के रूप में मनाते हुए शहर भर में आयोजित रक्तदान शिविरों के माध्यम से कुल 3764 यूनिट रक्त एकत्रित कर एक बड़ी मिसाल पेश की है।

अपने जन्मदिन की शुरुआत प्रहलाद गुंजल ने धर्मपुरा स्थित नाहरसिंगी माता मंदिर में पूजा-अर्चना और आशीर्वाद लेकर की। मंदिर परिसर में वेद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इसके उपरांत, उन्होंने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित रक्तदान शिविरों का दौरा किया। शहर के दादाबाड़ी स्थित गणेश जी मंदिर, नयापुरा स्थित प्रधान कार्यालय, सिंधी धर्मशाला स्टेशन, एग्जॉटिका मैरिज गार्डन कुन्हाड़ी, न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोटा, सुधा हॉस्पिटल, कुन्हाड़ी थाने के पास, सिमलिया और इंद्रगढ़ सहित कई स्थानों पर तीन दिनों तक चले शिविरों में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रहलाद गुंजल ने कहा कि वे जन्मदिन मनाने की परंपरा के पक्षधर नहीं हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं का यह स्नेह उन्हें अभिभूत करता है। उन्होंने कहा कि उनका जन्मदिन गर्मियों के उन दिनों में आता है जब राजस्थान में रक्त की भारी किल्लत रहती है। गुंजल ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा जन्मदिन को समारोह के बजाय सेवा के रूप में मनाना और जरूरतमंदों की जान बचाने के लिए रक्तदान करना उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है।

इस विशेष अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा, टीकाराम जूली और भंवर जितेंद्र सिंह सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रहलाद गुंजल को दूरभाष पर जन्मदिन की बधाई दी। रक्तदान शिविरों में बूंदी जिला अध्यक्ष महावीर मीणा, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, पूर्व विधायक पूनम गोयल, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नसरुद्दीन अंसारी सहित अनेक पार्षदों व कांग्रेस पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया।

इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुंजल का भव्य स्वागत किया गया। कोलाना, आवली, रोजड़ी, नयागांव और रामराजपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही, शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष दीपक नामदेव के नेतृत्व में विभाग द्वारा गौसेवा के तहत गायों को हरा चारा खिलाने, उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाने के साथ ही गरीब बच्चों को कपड़े और चप्पल वितरित किए गए। प्रहलाद गुंजल के निवास स्थान पर सुबह से लेकर देर शाम तक उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story