कोटा। सामाजिक सरोकारों में अग्रणी संस्था प्रहरी फैमिली क्लब द्वारा तलवंडी स्थित सभागार में अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस (मदर्स डे) के उपलक्ष्य में भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्लब के सचिव दीपक शर्मा के अनुसार, यह उत्सव दो चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें सेवा और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन का प्रथम चरण वरिष्ठ महिला सदस्य डॉ. अर्चना श्रीवास्तव के नेतृत्व में सेवाधाम वृद्धाश्रम में आयोजित किया गया, जहां क्लब के सदस्यों ने आश्रम की वृद्ध महिलाओं को रंग-बिरंगी चूड़ियां भेंट कर उनके जीवन में खुशियों के रंग भरे। इस अवसर पर सभी वृद्धजन महिला व पुरुषों को स्नेहपूर्वक भोजन करवाया गया, जिससे पूर्व सामूहिक प्रार्थना के रूप में भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम की अगली श्रृंखला में सायंकाल मनोज और नीरू गुप्ता के संयोजन में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जिसकी शुरुआत प्रहरी गीत के समवेत गायन के साथ हुई। समारोह के दौरान मातृ शक्ति की प्रतीक श्रीमती मंजूषा तम्हनकर, रजनी शर्मा, नीरू गुप्ता, निधि आर्य, कुसुम शर्मा, रजनी गेहिजा और नफीसा सागर ने भावपूर्ण गीतों और कविताओं के माध्यम से मां की महिमा का बखान किया। इस अवसर पर केक काटकर खुशियां मनाई गईं और उसे निर्धन वर्ग में वितरित किया गया। कार्यक्रम में दीपक शर्मा, असगर अली सागर, मनोज गुप्ता और योगेंद्र आर्य ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए समाज में माताओं के स्थान और उनके योगदान को रेखांकित किया। आयोजन के अंत में मनोरंजक पजल व गेम्स की विजेता वृद्ध माताओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने की तथा कुशल संचालन सचिव दीपक शर्मा द्वारा संपन्न हुआ।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story