कोटा, 15 मई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा आम जनता पर महंगाई का ट्रिपल अटैक करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में की गई भारी बढ़ोतरी की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई की मार शुरू हो गई है। नेता मनोज दुबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ाने का मोदी सरकार का यह निर्णय पूरी तरह से गरीब, मजदूर, किसान व आमजन विरोधी है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने देश के वर्तमान हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले गैस के दाम बढ़े, फिर सोने पर टैक्स बढ़ा दिया गया और इसके बाद दूध के दाम भी 2 रुपये बढ़ा दिए गए। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि अब पेट्रोल पर 3.14 रुपये, डीजल पर 3.11 रुपये और सीएनजी पर 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए गए हैं। मनोज दुबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि चुनौती यही नहीं खत्म होती, बल्कि अब देश में महंगाई का तांडव शुरू होगा। उन्होंने इसके दूरगामी प्रभावों को रेखांकित करते हुए कहा कि जैसे ही डीजल के दाम बढ़ेंगे, वैसे ही माल की ढुलाई बढ़ जाएगी और ढुलाई बढ़ते ही रोजमर्रा की वस्तुएं बेहद महंगी हो जाएंगी, जिसका सीधा और सबसे घातक असर देश की गरीब जनता पर पड़ेगा।

आधिकारिक तौर पर विरोध दर्ज कराते हुए मनोज दुबे ने कहा कि देशभर में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दामों ने आम आदमी का पूरा बजट बिगाड़ कर रख दिया है। पेट्रोल और डीजल के बढ़े दामों से देश का किसान वर्ग भारी परेशान है, क्योंकि इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ेगा और खेती का लागत खर्च और अधिक बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की आम जनता पहले ही कमरतोड़ महंगाई से त्रस्त है, और अब इस नए फैसले के बाद जनता के हर सफर और हर जरूरत पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। यह जनविरोधी निर्णय दर्शाता है कि सरकार को आम नागरिकों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story