कोटा/सिमलिया।

राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर निकाली जा रही विकास रथ यात्रा ने सोमवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में विकास का स्पष्ट संदेश दिया। सिमलिया भाजपा मंडल के अंतर्गत आने वाले गांवों में पहुंची इस यात्रा के साथ ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और 23.32 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।

विकास रथ यात्रा का शुभारंभ पोलाई कलां से हुआ, जो कराड़िया, भौंरा, ढाबा, रेलगांव, भांडाहेड़ा, सुहाना, चौमा मालियान, सादड़ी, रामड़ी, डंगावद, जनकपुर और धोरी होते हुए भट्टीपुरा में संपन्न हुई। गांव-गांव में विकास रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री का पारंपरिक स्वागत किया और जनसंवाद के माध्यम से विकास कार्यों पर चर्चा हुई।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सांगोद विधानसभा क्षेत्र को खेतों तक पक्के रास्ते उपलब्ध कराने के संकल्प को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेतों तक सड़क पहुंचाने के लिए 35 करोड़ रुपये की विशेष सौगात मिली है, जिससे वर्षों से लंबित मांगें पूरी होंगी। इन सड़कों के निर्माण से न केवल गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि किसानों को अपनी उपज खेतों से मंडियों तक ले जाने में भी सुविधा मिलेगी।

मंत्री नागर ने कहा कि भजनलाल सरकार ने बीते दो वर्षों में शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, बिजली और जल जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सरकार ने अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों में से 73 प्रतिशत वादों को केवल दो वर्षों में पूरा कर दिखाया है, जो प्रशासनिक प्रतिबद्धता और संगठनात्मक समन्वय का परिणाम है।

कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने ग्राम बरगू में जेजेवाई संवर्धन कार्य, कुराड़ी से बरगू के मध्य पुलिया का नवनिर्माण, भांडाहेड़ा से हनोतिया मेघवाल बस्ती तक क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण, सुहाना से भांडाहेड़ा के मध्य पुलिया निर्माण और ग्राम सेवा सहकारी समिति चौमा कोट में 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पोलाई से कराड़िया बरगू मिसिंग लिंक रोड, हनोतिया से रेलगांव-भांडाहेड़ा मिसिंग लिंक सड़क और चौमा मालियान से हनुमान मंदिर संपर्क सड़क के निर्माण कार्यों की पट्टिकाओं का अनावरण किया गया।

इसके अतिरिक्त पोलाई कलां से गोदल्याहेड़ी तक सड़क निर्माण, पोलाई कलां में सोलर सिंगल फेज आधारित मोटर पंप सेट एवं नलकूप निर्माण, नोहती माताजी तक जीएसबी ग्रेवल सड़क, पोलाई खुर्द से देवपुरा तक सड़क, बल्लभपुरा से रेलगांव तक सड़क, भांडाहेड़ा से नाचन बावड़ी तक सड़क, सुहाना से बंबूली तक ग्रेवल सड़क, सुहाना में तालाब मरम्मत एवं नवीनीकरण तथा जनकपुर में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों का शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष उछमा मीणा, भीमराज मीणा, मंडल प्रतिनिधि हंसराज नागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विकास रथ यात्रा ने सांगोद क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सरकार की मंशा को स्पष्ट किया, जिससे आने वाले समय में ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद और भी प्रबल हुई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story