रोटरी क्लब कोटा और शाइन इंडिया फाउंडेशन द्वारा रविवार को रोटरी क्लब, छावनी में “अंगदान महादान” विषय पर विशेष वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, निजी एवं राजकीय संस्थाओं के पदाधिकारियों, आम नागरिकों तथा युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अंगदान के प्रति अपनी जागरूकता और रुचि का परिचय दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ऑर्गन इंडिया, नई दिल्ली के प्रोजेक्ट्स एंड आउटरीच मैनेजर डॉ. सौरभ शर्मा रहे। उन्होंने अंगदान के चिकित्सकीय, कानूनी और मानवीय पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी तथा लोगों के मन में व्याप्त विभिन्न भ्रांतियों और आशंकाओं को दूर किया। उन्होंने अंगदान की आवश्यकता, इसकी प्रक्रिया और इससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल एवं तथ्यात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के राज्य उत्तक एवं अंग प्रत्यारोपण संस्थान की अतिरिक्त निदेशक डॉ. रश्मि गुप्ता ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा अंगदान अभियान को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजस्थान सरकार अंगदान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य उत्तक एवं अंग प्रत्यारोपण संस्थान के माध्यम से ब्रेन डेड डोनर की पहचान, काउंसलिंग तथा अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा जैसे शहरों में रोटरी क्लब और शाइन इंडिया फाउंडेशन जैसे संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा समाज के सहयोग के बिना इस लक्ष्य को हासिल करना संभव नहीं है।

कार्यक्रम का सवाल-जवाब सत्र विशेष रूप से प्रभावी रहा। उपस्थित लोगों ने ब्रेन डेड की परिभाषा, अंगदान की कानूनी प्रक्रिया तथा धर्म से जुड़े विभिन्न भ्रमों को लेकर खुलकर प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने सभी सवालों के विस्तृत और संतोषजनक उत्तर दिए, जिससे प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान हुआ।

शाइन India फाउंडेशन के डॉ. कुलवंत गौड़ ने कहा कि कोटा समाज सेवा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. रश्मि गुप्ता और डॉ. सौरभ शर्मा के व्याख्यान ने लोगों के मन से अंगदान को लेकर मौजूद भय और संकोच को दूर किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कोटा में अंगदान संकल्प और जागरूकता अभियानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

फाउंडेशन के सचिव नीरज अग्रवाल ने कहा कि शाइन इंडिया फाउंडेशन और रोटरी क्लब का यह संयुक्त प्रयास सफल रहा। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों और आम नागरिकों की बड़ी उपस्थिति यह दर्शाती है कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।

शाइन इंडिया फाउंडेशन ने बताया कि संस्था पिछले 15 वर्षों से कोटा संभाग में सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों, वक्ताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने और जीवन बचाने वाले इस महादान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story