राजभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने किया ‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047’ पुस्तक का विमोचन
जयपुर के राजभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय की पुस्तक ‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047’ का विमोचन किया। जानिए विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण को लेकर पुस्तक में दिए गए सुझाव।

तस्वीर में राजभवन जयपुर में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे और डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय पुस्तक विमोचन के दौरान नजर आ रहे हैं।
जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने राजभवन, जयपुर में सुप्रसिद्ध नेत्र सर्जन, लेखक एवं राष्ट्र चिंतक डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय की नवीनतम हिंदी पुस्तक ‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047, विकसित भारत का प्रिस्क्रिप्शन: एक नेत्र सर्जन की कलम से’ का विमोचन किया। इस अवसर पर डॉ. पाण्डेय ने पुस्तक की प्रथम प्रति राज्यपाल को भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, नवाचार, युवाशक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने एक चिकित्सक की दृष्टि से राष्ट्र की चुनौतियों का निदान और उपचार करते हुए समाधान प्रस्तुत करने की अवधारणा को रोचक और विचारोत्तेजक बताया।
राज्यपाल ने पुस्तक के माध्यम से युवाओं और नागरिकों में राष्ट्र निर्माण, कर्तव्यबोध तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के प्रयास की भी सराहना की।
‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047’ में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित, स्वस्थ, आत्मनिर्भर, समृद्ध और विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने की परिकल्पना को एक नेत्र सर्जन के विशिष्ट दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक में लेखक ने चिकित्सा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली निदान, उपचार और रोकथाम की अवधारणाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए देश के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों का विश्लेषण किया है।
इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुशासन, युवा शक्ति, नारी सशक्तीकरण, सामाजिक समरसता, नवाचार, पर्यावरण, अनुशासन, नागरिक कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं सकारात्मक सुझाव दिए गए हैं। पुस्तक का उद्देश्य केवल समस्याओं को सामने रखना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका पहचानने और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिस प्रकार एक चिकित्सक किसी रोग के केवल लक्षणों को नहीं देखता, बल्कि उसके मूल कारण की पहचान कर उपचार और भविष्य में उसकी रोकथाम की योजना बनाता है, उसी प्रकार राष्ट्र के सामने मौजूद चुनौतियों को भी व्यापक दृष्टिकोण से समझना आवश्यक है। इसी सोच के आधार पर पुस्तक का शीर्षक ‘ऑपरेशन महाशक्ति भारत 2047’ रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पुस्तक का केंद्रीय संदेश है, ‘विकसित भारत 2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 148 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है।’ उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र में ईमानदारी, उत्कृष्टता, अनुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे, तो विकसित भारत की यात्रा को जन आंदोलन में बदला जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय विगत तीन दशकों से अधिक समय से नेत्र चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा, जनजागरूकता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेज़र सेंटर, कोटा के निदेशक हैं। चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ वे लेखन, युवा प्रेरणा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी निरंतर कार्य कर रहे हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
