कोटा। राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान परीक्षा ने इस बार छात्रों के लिए चुनौतीपूर्ण मोड़ प्रस्तुत किया। नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन जूनियर साइंस (एनएसईजेएस)-2025 रविवार दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक ऑफलाइन मोड में संपन्न हुई। यह परीक्षा कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य विज्ञान में प्रतिभा की पहचान करना और उसे निखारना है।

मोशन एजुकेशन के संस्थापक एवं सीईओ नितिन विजय ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा का कठिनाई स्तर पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा हुआ था। फिजिक्स और केमिस्ट्री के कुछ सवाल विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण रहे, जबकि बायोलॉजी का स्तर मध्यम माना गया। पेन-पेपर मोड में आयोजित इस परीक्षा के उत्तर शीघ्र ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाने की संभावना है।

मोशन एजुकेशन-फाउंडेशन डिवीजन के एकेडमिक हेड मुकेश गौड़ ने बताया कि एनएसईजेएस केवल एक परीक्षा नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में विज्ञान की समझ और तार्किक क्षमता को परखने का मंच है। इसमें सफल छात्र भारतीय राष्ट्रीय जूनियर विज्ञान ओलंपियाड (INJSO) में भाग लेने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

भारतीय भौतिकी शिक्षक संघ की ओर से आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा छात्रों को अंतरराष्ट्रीय जूनियर विज्ञान ओलंपियाड (IJSO) की ओर मार्गदर्शन देने का भी लक्ष्य रखती है। विशेषज्ञ मार्गदर्शन, रणनीति और फोकस्ड अध्ययन के माध्यम से छात्र इस परीक्षा को उत्तीर्ण कर सकते हैं और विज्ञान के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं।

एनएसईजेएस-2025 की सफलता छात्रों को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी विज्ञान में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है, जिससे उनकी शैक्षणिक और वैज्ञानिक योग्यता का विस्तार होता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story