12वीं में केवल एक विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए एनआईओएस ने बड़ी राहत दी है। क्षेत्रीय निदेशक के.एल. गुप्ता ने बताया कि छात्र एक विषय की परीक्षा देकर समय पर वरिष्ठ माध्यमिक योग्यता पूरी कर सकते हैं। जानिए स्ट्रीम-2, टीओसी, प्रवेश की अंतिम तिथि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी।

कोटा। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से 12वीं कक्षा में केवल एक विषय में अनुत्तीर्ण रहने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण राहत उपलब्ध है। ऐसे विद्यार्थी एनआईओएस से केवल उसी विषय की परीक्षा देकर अपनी वरिष्ठ माध्यमिक योग्यता समय पर पूर्ण कर सकते हैं, जिससे उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच सकता है। यह सुविधा विशेष रूप से नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।

क्षेत्रीय निदेशक के.एल. गुप्ता ने बताया कि एनआईओएस विश्व का सबसे बड़ा ओपन स्कूलिंग बोर्ड है, जो लचीली एवं समावेशी शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से उन विद्यार्थियों को भी शिक्षा का अवसर प्रदान करता है, जो किसी कारणवश नियमित विद्यालयों में अध्ययन नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि एनआईओएस माध्यमिक, वरिष्ठ माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ स्किल इंडिया मिशन के अंतर्गत लगभग 67 व्यावसायिक क्षेत्रों में 100 से अधिक व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित करता है। इन पाठ्यक्रमों की अवधि छह माह से दो वर्ष तक निर्धारित है, जिससे विद्यार्थी कौशल प्राप्त कर रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बन सकते हैं।

के.एल. गुप्ता ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, श्रमिक, कामकाजी युवा, महिलाएं तथा नियमित शिक्षा से वंचित विद्यार्थी भी एनआईओएस के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। विद्यार्थियों को स्व-अध्ययन सामग्री (सेल्फ लर्निंग मैटेरियल) उपलब्ध कराई जाती है, जबकि अधिकृत अध्ययन केंद्रों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण और शैक्षणिक मार्गदर्शन भी दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई विद्यार्थी 12वीं बोर्ड परीक्षा में केवल गणित, रसायन विज्ञान या किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण रहता है, तो उसे पूरा वर्ष दोबारा नहीं पढ़ना पड़ता। एनआईओएस के माध्यम से वह केवल उसी विषय की परीक्षा देकर वरिष्ठ माध्यमिक योग्यता पूरी कर सकता है। इससे नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को समय पर पात्रता प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

के.एल. गुप्ता ने बताया कि स्ट्रीम-2 के अंतर्गत किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी भी प्रवेश ले सकते हैं। इस श्रेणी में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट (टीओसी) सुविधा के तहत विद्यार्थी अपने पूर्व बोर्ड के अधिकतम दो उत्तीर्ण विषयों का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि एनआईओएस में प्रवेश शुल्क अत्यंत न्यूनतम रखा गया है तथा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष शुल्क रियायत भी दी जाती है। एक बार पंजीकरण होने के बाद विद्यार्थी पांच वर्ष तक पंजीकृत रहता है और इस अवधि में लगभग नौ अवसरों पर परीक्षा देने की सुविधा प्राप्त करता है। राजस्थान में वर्तमान में 40 से 50 हजार विद्यार्थी एनआईओएस से जुड़े हुए हैं। राज्य में छह परीक्षा केंद्र तथा कोटा जिले में 36 अधिकृत अध्ययन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story