राजस्थान में नीट-यूजी 2025 स्टेट कोटा स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग का शेड्यूल जारी, 12 से 13 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू
राजस्थान नीट-यूजी 2025 स्टेट कोटा स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग का शेड्यूल जारी हो गया है। 12 से 13 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन, 14 से 16 नवंबर तक सिक्योरिटी डिपॉजिट और चॉइस भरने की प्रक्रिया चलेगी। 17 नवंबर को सीट अलॉटमेंट रिजल्ट घोषित होगा, जबकि 18 से 20 नवंबर के बीच डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और कॉलेज रिपोर्टिंग होगी।

कोटा। राजस्थान के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस एवं बीडीएस सीटों के लिए स्टेट कोटा स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग का इंतजार खत्म हो गया है। राजस्थान नीट यूजी मेडिकल एंड डेंटल एडमिशन काउंसलिंग बोर्ड, जयपुर ने बुधवार सुबह इस राउंड की पूरी प्रक्रिया और डेट शीट जारी करते हुए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत कर दी। यह प्रक्रिया 12 नवंबर से 13 नवंबर के मध्य तक चलेगी।
एलन कैरियर इंस्टीट्यूट के कैरियर काउंसलिंग विशेषज्ञ पारिजात मिश्रा ने बताया कि इस चरण में अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में रजिस्ट्रेशन फीस जमा करवाकर पार्ट-1 और पार्ट-2 फॉर्म का फाइनल सबमिशन करना होगा। जिन्होंने पहले राउंड—प्रथम, द्वितीय या तृतीय—में पंजीकरण करवा रखा है, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होगी।
13 और 14 नवंबर को जयपुर स्थित एसएमएस मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक ब्लॉक में सभी रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों (एनआरआई सहित) के मूल दस्तावेजों का सत्यापन और जमा प्रक्रिया ऑफलाइन मोड में की जाएगी। इस दौरान उम्मीदवारों को अपने ओरिजिनल दस्तावेजों के साथ एक निर्धारित प्रारूप में बांड भी जमा कराना अनिवार्य होगा, जो काउंसलिंग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। बिना बांड जमा कराए अभ्यर्थी स्ट्रे वैकेंसी राउंड में भाग नहीं ले सकेंगे।
काउंसलिंग बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सरकारी एमबीबीएस सीटों के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट ₹50,000, सरकारी मैनेजमेंट सीट के लिए ₹2,00,000 और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की एमबीबीएस सीटों के लिए ₹5,00,000 निर्धारित की गई है। वहीं, सरकारी एवं निजी डेंटल कॉलेजों की बीडीएस सीटों के लिए यह राशि ₹10,000 तय की गई है। कैंडिडेट्स 14 से 16 नवंबर के बीच सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा कर अपनी इच्छानुसार च्वाइस भर सकेंगे। 16 नवंबर रात 11:45 बजे के बाद च्वाइस ऑटो-लॉक हो जाएगी। उसी दिन प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी होगी और 17 नवंबर को सीट अलॉटमेंट का परिणाम घोषित किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को 18 से 20 नवंबर के बीच अपना अलॉटमेंट लेटर प्रिंट कर निर्धारित फीस जमा करनी होगी। इसके बाद उन्हें अपने मूल प्रमाण पत्रों, दो सेट स्वप्रमाणित प्रतियों और ऑनलाइन पेमेंट स्लिप के साथ एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के अकादमिक ब्लॉक में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। जिन अभ्यर्थियों को इस राउंड में सीट अलॉट नहीं होगी, वे अपने मूल दस्तावेज 18 से 20 नवंबर के बीच वहीं से वापस प्राप्त कर सकते हैं।
काउंसलिंग बोर्ड ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी अभ्यर्थी को स्ट्रे वैकेंसी राउंड में सीट आवंटित होने के बावजूद वह कॉलेज में जॉइन नहीं करता है, तो उसे अगले एक वर्ष तक राज्य स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया से वंचित कर दिया जाएगा। साथ ही उसकी सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त कर ली जाएगी और बांड की शर्तें भी लागू होंगी। वहीं, जो अभ्यर्थी इस राउंड के आधार पर कॉलेज जॉइन कर लेते हैं, उन्हें एमसीसी, एनएमसी या डीसीआई द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व पाठ्यक्रम से त्यागपत्र देने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस प्रकार, राजस्थान में मेडिकल और डेंटल एडमिशन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी है। अब यह स्ट्रे वैकेंसी राउंड उन उम्मीदवारों के लिए अंतिम अवसर है, जो प्रदेश के प्रतिष्ठित मेडिकल या डेंटल कॉलेजों में प्रवेश की प्रतीक्षा में हैं
- राजस्थान नीट यूजी 2025Rajasthan NEET UG 2025स्ट्रे वैकेंसी राउंडState Quota Counselling RajasthanNEET UG Counselling 2025SMS Medical College JaipurMBBS BDS Admission RajasthanNEET 2025 RegistrationNEET Counselling Dates RajasthanMedical Admission 2025 Rajasthanपारिजात मिश्रा एलनNEET UG Seat AllotmentRajasthan Medical CounsellingRajasthan Dental Admission 2025NEET UG Stray Vacancy Round

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
