NEET 2026: फिजिक्स के एक प्रश्न पर विवाद, एक्सपर्ट्स ने जताई आपत्ति
एनटीए द्वारा जारी प्रोविजनल आंसर-की में फिजिक्स के सिग्नीफिकेंट फीगर वाले सवाल पर विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक नियमों के उल्लंघन का दावा किया है।

कोटा। एनटीए द्वारा आयोजित देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट 2026 की प्रोविजनल आंसर-की बुधवार को जारी कर दी गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर भी प्रदान किया गया है। आंसर-की जारी होने के बाद विद्यार्थियों ने अपने-अपने उत्तरों का मिलान किया, जिसके बाद फिजिक्स विषय के एक प्रश्न को लेकर गंभीर आपत्ति सामने आई है।
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट कोटा के प्रेसिडेंट विनोद कुमावत ने बताया कि प्रोविजनल आंसर-की में फिजिक्स के एक प्रश्न के उत्तर को लेकर विद्यार्थियों ने आपत्ति दर्ज कराई है। यह प्रश्न सिग्नीफिकेंट फीगर टॉपिक से संबंधित था। विद्यार्थियों एवं विषय विशेषज्ञों के अनुसार एनटीए द्वारा जारी उत्तर वैज्ञानिक गणनाओं के नियमों के अनुरूप नहीं है, जिस कारण देशभर के विद्यार्थियों ने एनटीए को आपत्तियां भेजी हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार प्रश्न में गणना करने पर एक्स का मान 7.654 प्राप्त होता है। सिग्नीफिकेंट फीगर के नियमों के अनुसार यदि इसे दो सिग्नीफिकेंट फीगर तक राउंड ऑफ किया जाए तो सही उत्तर 7.7 होना चाहिए, जबकि एनटीए की प्रोविजनल आंसर-की में इसका उत्तर 7.6 दिया गया है। विषय विशेषज्ञों का कहना है कि निर्धारित वैज्ञानिक नियमों के अनुसार 7.654 को दो सिग्नीफिकेंट फीगर तक व्यक्त करने पर अंतिम उत्तर 7.7 ही मान्य होता है। इसी आधार पर विद्यार्थियों ने उत्तर में संशोधन की मांग की है।
यह प्रश्न कोड 11 में प्रश्न संख्या 14, कोड 12 में प्रश्न संख्या 21, कोड 13 में प्रश्न संख्या 42 तथा कोड 14 में प्रश्न संख्या 35 के रूप में दर्ज है। इस पूरे मामले ने आंसर-की की शुद्धता और वैज्ञानिक नियमों के अनुपालन को लेकर देशभर में चर्चा तेज कर दी है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
