नीट 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में व्याप्त आक्रोश के बीच राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कोटा में जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार साय 5 बजे शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम और देहात अध्यक्ष भानू प्रताप की अगुवाई में भारी संख्या में कांग्रेस जनों ने घटोत्कच चौराहे पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शिक्षित बेरोजगारों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर गहरा रोष प्रकट किया।

शहर जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में शिक्षा अब सेवा का माध्यम न रहकर महज 'व्यापार' बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक कोई आकस्मिक घटना नहीं है, बल्कि यह प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में फल-फूल रहा भाजपाइयों का एक बड़ा घोटाला है। गौतम ने कहा कि मोदी सरकार ने लाखों गरीब और मध्यम वर्गीय छात्रों की कड़ी मेहनत को नकल माफियाओं के हाथों गिरवी रख दिया है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब गया है। उन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है, जो स्पष्ट रूप से इस घोटाले में भाजपा की लिप्तता को दर्शाता है।

इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से राखी गौतम ने सरकार के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी हैं। उन्होंने पहली मांग के तहत केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफे की मांग की। दूसरी मांग में उन्होंने NTA को तुरंत प्रभाव से भंग कर पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने पर जोर दिया। तीसरी मांग के रूप में उन्होंने पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने और संलिप्त प्रभावशाली चेहरों को बेनकाब कर कड़ी सजा देने की बात कही। चौथी और अंतिम मांग में उन्होंने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और कारगर कदम उठाने की अपील की।

देहात जिलाध्यक्ष भानू प्रताप ने भी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग नकल माफियाओं पर लगाम कसने के बजाय उनकी ढाल बन रहे हैं, जिससे मेहनती छात्रों का हक छीना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाखों छात्रों के साथ हो रहे इस अन्याय और उनके खतरे में पड़ते भविष्य को कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस विशाल प्रदर्शन में पीसीसी सचिव शिवराज गुर्जर, पीसीसी सदस्य किशोर मदनानी, कोटा उत्तर महापौर मंजू मेहरा, नि. उप महापौर पवन मीणा, उपाध्यक्ष अनुराग गौतम, श्याम गौतम, राधेश्याम वर्मा, एनएसयूआई अध्यक्ष विशाल मेवाड़ा, सचिव राहुल पुरस्वानी, योगेश विजय, सुभाष सैनिक, योगेश चावला, ब्लॉक अध्यक्ष जयेश शृंगी, स्वाति अग्रवाल, पूर्व सरपंच मोइजुद्दीन, जवाहर बाल मंच अध्यक्ष शुभम खुराना, कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ अध्यक्ष शिवराज गुर्जर, युवा कांग्रेस अंकित पांचाल, मंडल अध्यक्ष चेतन सोलंकी, मनीष भारद्वाज, शहजाद खान, धर्मवीर मेघवाल, सिद्धिक अंसारी, प्रेम पालीवाल, चेतन पारेता, एससी जिलाध्यक्ष परसराम बैरवा, राजेन्द्र सिंह राजावत, दिलदार अली, अमित दाधीच, फारूक तंवर, सेवादल संगठन महासचिव शशि शर्मा, मुकुल सोलंकी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश तिवारी, छात्रसंघ अध्यक्ष अर्पित जैन, पूर्व अध्यक्ष शुभम शर्मा, दीपक योगी, प्रमोद पांचाल, यश राठौर, वीरेंद्र यादव, करन जैन और गौतम मीणा सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा एवं कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story