देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET 2026 की प्रोविजनल आंसर-की जारी होते ही नया विवाद खड़ा हो गया है। National Testing Agency द्वारा बुधवार को जारी आंसर-की में फिजिक्स विषय के ‘सिग्नीफिकेंट फीगर’ टॉपिक से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर को लेकर विद्यार्थियों और विशेषज्ञों ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। मामला अब देशभर के परीक्षार्थियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद विद्यार्थियों ने अपने उत्तरों का मिलान किया और कथित विसंगतियों को लेकर Allen Career Institute के विशेषज्ञों से विस्तृत चर्चा की। इसी विश्लेषण के दौरान फिजिक्स के एक विशेष प्रश्न के उत्तर पर एनटीए, एलन विशेषज्ञों और विद्यार्थियों की राय में स्पष्ट अंतर सामने आया।

एलन कोटा के प्रेसिडेंट Vinod Kumawat ने आधिकारिक रूप से बताया कि प्रोविजनल आंसर-की में फिजिक्स के ‘सिग्नीफिकेंट फीगर’ से संबंधित प्रश्न के उत्तर पर विद्यार्थियों ने गंभीर आपत्ति जताई है। विशेषज्ञों और विद्यार्थियों का कहना है कि एनटीए द्वारा घोषित उत्तर वैज्ञानिक गणनाओं के स्थापित नियमों के अनुरूप नहीं है।

विशेषज्ञों के अनुसार प्रश्न की गणना करने पर ‘X’ का मान 7.654 प्राप्त होता है। वैज्ञानिक नियमों के तहत यदि इस मान को दो सिग्नीफिकेंट फीगर तक राउंड ऑफ किया जाए, तो सही उत्तर 7.7 होना चाहिए। इसके विपरीत एनटीए की प्रोविजनल आंसर-की में उत्तर 7.6 दर्शाया गया है, जिसे विशेषज्ञों ने त्रुटिपूर्ण बताया है।

विषय विशेषज्ञों ने स्पष्ट कहा कि सिग्नीफिकेंट फीगर्स के सिद्धांतों के अनुसार 7.654 को दो सार्थक अंकों तक व्यक्त करने पर अंतिम परिणाम 7.7 ही मान्य होगा। इसी आधार पर देशभर के हजारों विद्यार्थियों ने एनटीए को आपत्तियां भेजते हुए उत्तर में तत्काल संशोधन की मांग की है।

विवादित प्रश्न पेपर कोड 11 में प्रश्न संख्या 14, कोड 12 में प्रश्न संख्या 21, कोड 13 में प्रश्न संख्या 42 और कोड 14 में प्रश्न संख्या 35 के रूप में दर्ज है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में एक-एक अंक की अहमियत को देखते हुए इस विवाद ने परीक्षार्थियों के बीच हलचल बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैज्ञानिक नियमों की अनदेखी मेधावी विद्यार्थियों के परिणाम और भविष्य दोनों को प्रभावित कर सकती है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story