नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु रविवार को कोटा संभाग मुख्यालय पर एक भव्य पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। जी.एम.ए. सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी सुमन शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी और पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों ने शिरकत की। राष्ट्रीय स्तर पर संचालित इस जन-जागरण अभियान के माध्यम से यह रेखांकित किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब भारत की संसद और विधानसभाओं की हर तीसरी सीट पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व होगा। मुख्य वक्ता सुमन शर्मा ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए बताया कि जनगणना और परिसीमन संबंधी बाधाओं को दूर करने हेतु 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिससे आगामी चुनाव से यह आरक्षण पूर्णतः प्रभावी हो जाएगा।

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता सुमन शर्मा ने कहा कि दशकों से लंबित महिला आरक्षण की मांग को मोदी सरकार ने सितंबर 2023 में सभी दलों के सहयोग से पूर्ण कर नारी शक्ति को अधिकार संपन्न बनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अधिनियम के क्रियान्वयन से न केवल महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, बल्कि संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में भी 33 प्रतिशत की वृद्धि होगी, जो जन-भागीदारी के दृष्टिकोण से एक अभूतपूर्व राजनीतिक परिवर्तन है। लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रपति से लेकर रक्षा मंत्री जैसे चुनौतीपूर्ण पदों पर महिलाओं को अवसर देकर मोदी जी ने उनके सामर्थ्य को सिद्ध किया है। उन्होंने इस क्षण को प्रत्येक महिला के लिए गौरवशाली और ऐतिहासिक बताया।

अभियान की प्रदेश टोली सदस्य चंद्रकांता मेघवाल ने अधिनियम की व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसमें आरक्षित वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है और एससी-एसटी वर्ग की महिलाओं को भी इस 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ प्राप्त होगा। वहीं शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने इस कानून को आत्मनिर्भर और विकसित भारत का आधार बताते हुए कहा कि यह केवल एक कानून नहीं, बल्कि नीति-निर्धारण में महिलाओं के आत्मसम्मान और सक्रिय भागीदारी का प्रमाण है। उन्होंने आमजन से इस अधिनियम के समर्थन में मोबाइल नंबर 9667173333 पर मिस्ड कॉल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुनीता व्यास, मीडिया संयोजक अरविंद सिसौदिया और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता पचवारिया भी मंचस्थ रहीं। अंत में संभाग प्रभारी सुमन शर्मा ने कोटा शहर, देहात और बूंदी जिलों की टोलियों के साथ आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम आगामी भविष्य में भारतीय राजनीति की दिशा और दशा बदलने वाला एक निर्णायक कदम साबित होगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story