मुन्नी मीना ने पीएमश्री विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी छात्रावास का निरीक्षण किया
संयुक्त शासन सचिव मुन्नी मीना ने पिपलवाड़ा और खिरनी के स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और वृक्षारोपण योजना की समीक्षा कर निर्देश दिए।

सवाई माधोपुर के खिरनी स्थित पीएमश्री विद्यालय में छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति का अवलोकन करतीं जिला प्रभारी एवं संयुक्त शासन सचिव मुन्नी मीना।
सवाई माधोपुर। संयुक्त शासन सचिव एवं जिला प्रभारी सवाई माधोपुर मुन्नी मीना ने पीएमश्री विद्यालयों पिपलवाड़ा एवं खिरनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और विद्यालय प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
मुन्नी मीना ने नामांकन वृद्धि हेतु सतत प्रयास करने, निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने तथा विद्यालय भवनों की सुरक्षा को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी सत्र में वृक्षारोपण की सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने और विद्यालय परिसरों में उपलब्ध अनुपयोगी सामानों का नियमानुसार निस्तारण करने के भी स्पष्ट निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि पीएमश्री विद्यालयों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने हेतु विशेष प्रयास किए जाएं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ बुनियादी ढांचे में भी उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने बोर्ड परीक्षा परिणामों में आगामी सत्रों में सुधार लाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने पर बल दिया तथा शैक्षणिक परिणामों को बेहतर बनाने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता सुधार और संस्थागत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
