मुनि योगसागर महाराज का कोटा के तलवंडी में भव्य मंगल प्रवेश
आचार्य विद्यासागर जी के शिष्य मुनि योगसागर महाराज का तलवंडी जैन मंदिर में आगमन हुआ, जहां गणिनी आर्यिका विशुद्धमति माताजी के सान्निध्य में भव्य अगवानी की गई।

कोटा के तलवंडी स्थित महावीर दिगम्बर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश के दौरान मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज की अगवानी करते श्रद्धालु और उपस्थित जैन समाज के श्रेष्ठिजन।
भव्य मंगल प्रवेश और विहार मार्ग की शोभा
कोटा। रंग-बिरंगी रंगोलियों, जैन पताकाओं और भव्य स्वागत द्वारों से सजे विहार मार्ग पर गाजे-बाजे के साथ गुरुदेव के जयघोष गूंजते रहे। हर्षोल्लास के इस वातावरण के बीच परम् पूज्य, ज्येष्ठ निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज ससंघ का तलवंडी में मंगल प्रवेश श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, तलवंडी में हुआ, जहां आहारचर्या भी संपन्न हुई।
- महामंत्री प्रकाश सामरिया ने बताया कि इस अवसर पर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु नाचते-गाते, ढोल-नगाड़ों के साथ गुरुदेव की अगवानी में सम्मिलित हुए।
- मार्ग में स्थान-स्थान पर पाद-प्रक्षालन कर श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक वंदना की।
- जुलूस दादाबाडी नसियां जी से होते हुए तलवंडी पहुंचे।
श्रद्धा और स्वागत की तैयारियां
अध्यक्ष अशोक पहाडिया ने बताया कि कार्यक्रम में परम् पूज्य, सन्त शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महामुनिराज के प्रभावक शिष्य के रूप में गुरुदेव का स्वागत किया गया। विहार मार्ग पर 31 से अधिक तोरण द्वार बनाए गए थे तथा समाजजन जैन ध्वज और गुरुदेव के चित्र-फलक लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
तलवंडी जैन मंदिर समिति के राजकुमार लुहाडिया ने बताया कि प्रातः 8 बजे से विहार प्रारंभ हुआ। समिति अध्यक्ष अशोक पहाड़िया ने कहा कि समाज की ओर से लंबे समय से गुरुदेव के तलवंडी प्रवास का निवेदन किया जा रहा था और आज वर्षों बाद यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
आर्यिका संघ द्वारा अगवानी व वंदना
कॉमर्स कॉलेज मार्ग पर गुरुदेव की अगवानी गणिनी आर्यिका 105 श्री विशुद्धमति माताजी एवं पट्ट गणिनी आर्यिका 105 श्री विज्ञश्री माताजी के सान्निध्य में हुई। आर्यिका संघ एवं सकल समाज के गणमान्य नागरिकों ने भी सामूहिक वंदना की।
भक्तिमय प्रवचन और संदेश
प्रवचन में मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज ने कहा कि “ज्ञान आत्मा का लक्षण है, इसे प्राप्त नहीं किया जाता, बल्कि प्रकट किया जाता है। अपेक्षा ही दुःख का कारण है। जिसके हृदय में णमोकार समाया हो, उसका संसार कुछ बिगाड़ नहीं सकता।” उन्होंने भेदभाव और पक्षपात से ऊपर उठकर संयम, भक्ति और आत्मशुद्धि के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
प्रमुख उपस्थिति और व्यवस्थाएं
कार्यध्यक्ष जे.के. जैन ने बताया कि गुरुदेव को चौका अर्पित करने के लिए समाजजन बड़ी संख्या में उमड़े तथा कार्यक्रम के दौरान 20 से अधिक चौके लगाए गए, व्यवस्थाओं में पार्षद योगेश राणा का सहयोग रहा। सकल दिगम्बर जैन समाज के राजमल पाटोदी, जे.के. जैन, मनोज आदिनाथ, पारस सोगानी, राजेश मंगलम सहित बड़ी संख्या में श्रेष्ठिजन उपस्थित रहे।
- आहार एवं युवा टीम: आहार व्यवस्था शुभम लुहाड़िया एवं पिंकेश सांवला के संयोजन में संपन्न हुई। तलवंडी युवा शक्ति टीम के राहुल बगड़ा, राजकुमार, संदीप, मनोज पाटनी, अनिल डाबी, राजकुमार लुहाड़िया, अचल सहित युवाओं ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।
- धार्मिक अनुष्ठान: दीप प्रज्वलन प्रकाश–सुनीता सामरिया, सुरेश एवं निर्मल द्वारा किया गया तथा शास्त्र भेंट कैलाश खेड़ा, अजय (सीए) एवं उपेन्द्र द्वारा अर्पित की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
