46 वर्षों बाद राजस्थान में ऐतिहासिक वर्षायोग: आज कोटा में मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज का भव्य मंगल प्रवेश
कोटा में आज मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज का ऐतिहासिक मंगल प्रवेश होगा। 46 वर्षों बाद राजस्थान में वर्षायोग के इस अवसर पर 51 स्वागत द्वार, पुष्पवर्षा, पांच बैंड, हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और नसियां जी में प्रथम मंगल प्रवचन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

तस्वीर में सफेद पारंपरिक वस्त्रों में उपस्थित समाजजन और मुनिश्री के आगमन की सूचना देने वाला स्वागत बोर्ड दिख रहा है।
कोटा की धर्मनगरी आज एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक अवसर की साक्षी बनने जा रही है। लगभग 46 वर्षों बाद परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की परंपरा के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ निर्यापक श्रमण, चतुर्थकालीन चर्यापालक, उनके लघु भ्राता एवं तप, त्याग, संयम और उत्कृष्ट साधना के प्रतीक मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज का पावन वर्षायोग (चातुर्मास) राजस्थान की पावन धरा पर श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन त्रिकाल चौबीसी पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी दादाबाड़ी, कोटा में प्रारंभ होने जा रहा है।
यह अवसर केवल कोटा तक सीमित नहीं है, बल्कि सम्पूर्ण हाड़ौती, राजस्थान और भारत वर्ष के जैन समाज के लिए गौरव, श्रद्धा और सौभाग्य का विषय माना जा रहा है। इस ऐतिहासिक मंगल प्रवेश के साक्षी बनने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के कोटा पहुंचने की संभावना है।
पुण्योदय अतिशय क्षेत्र के अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ ने बताया कि मुनिश्री के स्वागत के लिए सम्पूर्ण नसियां जी परिसर को भव्य एवं आकर्षक सजावट के साथ दुल्हन की तरह अलंकृत किया गया है। निदेशक हुकम जैन 'काका' के अनुसार रविवार प्रातः 7:30 बजे सीएडी सर्किल (कीर्ति विजय स्तम्भ) से भव्य मंगल प्रवेश यात्रा प्रारम्भ होगी। यह यात्रा रोटरी तिराहा, एस.एस. डेयरी, दादाबाड़ी, बड़ा चौराहा, अरिहन्त प्लाजा, छोटा चौराहा और महावीर कॉम्प्लेक्स होते हुए श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी पहुंचेगी।
महामंत्री महेंद्र कासलीवाल ने बताया कि सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर 51 भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं। प्रत्येक स्थान पर श्रद्धालु पुष्पवर्षा, मंगल आरती, जयघोष तथा प्रभावना के रूप में ड्राई फ्रूट, मेवा, सेव, फल, केले, पेय एवं अन्य सामग्री का वितरण करते हुए पूज्य मुनिश्री का अभिनंदन करेंगे। यात्रा के दौरान पूरा शहर "वंदे गुरुवरम्", "जय-जय गुरुवर योगसागर", "वीतराग वंदना" सहित जैन भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
उपाध्यक्ष धर्मचंद जैन एवं सुमित सेंकी ने बताया कि मंगल प्रवेश यात्रा में पांच आकर्षक बैंड शामिल होंगे, जिनमें एक विशेष बैंड भटिंडा (पंजाब) से आएगा। यात्रा में पारंपरिक मशक बाजा, जैन पाठशालाओं के विद्यार्थी, महिला मंडल, विभिन्न जैन मंदिरों के श्रद्धालु तथा सकल जैन समाज के हजारों लोग सम्मिलित होकर संतश्री की अगवानी करेंगे।
प्रशासनिक मंत्री श्रीमती अर्चना (रानी) जैन दुगेरिया सर्राफ ने बताया कि आयोजन की गरिमा और एकरूपता बनाए रखने के लिए महिलाओं के लिए क्रीम रंग की लाल बॉर्डर वाली साड़ी तथा पुरुषों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा निर्धारित किया गया है। विभिन्न महिला मंडल पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।
मंत्री अशोक खादी ने बताया कि नसियां जी पहुंचने पर पादप्रक्षालन, शास्त्र भेंट, मंगलाचरण तथा पूज्य मुनिश्री का प्रथम मंगल प्रवचन आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है।
कानूनी सलाहकार एडवोकेट हुकम जैन ने बताया कि वर्ष 2019 में मुनि श्री विनीतसागर जी महाराज एवं मुनि श्री चन्द्रप्रभसागर जी महाराज ससंघ का चातुर्मास नसियां जी में संपन्न हुआ था। लगभग छह वर्षों बाद पुनः यह पावन अवसर प्राप्त हो रहा है, जिससे सम्पूर्ण जैन समाज में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है।
समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक एवं पुण्यदायी मंगल प्रवेश के साक्षी बनने तथा धर्मप्रभावना के इस अनुपम अवसर को सफल बनाने का विनम्र आग्रह किया है। साथ ही महत्वपूर्ण जनहित सूचना जारी करते हुए अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत आयोजन समिति अथवा पुलिस प्रशासन को दें।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
