हाड़ौती की प्राकृतिक धरोहर मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जंगल सफारी का भ्रमण कर वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान सदस्यों को करीब एक घंटे तक बाघ का रोमांचक दीदार हुआ, जिसने पूरे दल को रोमांचित कर दिया। फेडरेशन ने मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं पर्यटन प्रमोशन का संकल्प भी लिया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि भ्रमण में वन विभाग से सेवानिवृत्त दौलत सिंह शक्तावत सहित फेडरेशन के सदस्य अंकुर गुप्ता, अनिल मुन्दडा, कोशल बंसल, राजीव गुप्ता, तरुण चतुर्वेदी, सचिन माहेश्वरी, पवन मुन्दडा, गणपत लाल शर्मा, कपिल सिद्धार्थ एवं ऋषभ भार्गव शामिल रहे। सभी सदस्यों ने जंगल सफारी का आनंद लेते हुए बाघ सहित विभिन्न वन्यजीवों का अवलोकन किया और प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का अनुभव किया।

भ्रमण के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिनिधिमंडल को टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण, बाघ संवर्धन तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। फेडरेशन के सदस्यों ने रिजर्व में संचालित संरक्षण गतिविधियों की सराहना करते हुए वन विभाग के कार्यों की प्रशंसा की।

अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व राजस्थान की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर होने के साथ पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ संरक्षण का सकारात्मक संदेश भी देते हैं।

माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ौती क्षेत्र में बूंदी का रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य, बारां-झालावाड़ क्षेत्र का शेरगढ़ अभ्यारण्य तथा मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन एवं वन्यजीव स्थल मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व बेहद खूबसूरत अभ्यारण्य है, जहां भ्रमण के दौरान टाइगर सहित भालू, हिरण, सांभर, चीतल और अजगर जैसे वन्यजीवों को देखने का अवसर मिला। उनके अनुसार मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व किसी भी मायने में रणथंभौर अभ्यारण्य से कम नहीं है और फेडरेशन की पूरी टीम यहां की प्राकृतिक संपदा एवं वन्यजीव विविधता को देखकर अभिभूत हुई।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहां शेयर जिप्सी एवं फोर्ड गाड़ियां संचालित की जा रही हैं तथा शीघ्र ही कंटेनर चलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जिससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को बेहतर एवं संपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। फेडरेशन द्वारा रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य, शेरगढ़ अभ्यारण्य, रामगढ़ क्रेटर, गागरोन फोर्ट तथा चंबल सफारी सहित अन्य पर्यटन स्थलों का भी अवलोकन किया जाएगा। साथ ही यह मंथन किया जाएगा कि पर्यटकों को वहां और कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

माहेश्वरी ने कहा कि फेडरेशन का मुख्य उद्देश्य आगामी पर्यटन सीजन में देशभर से आने वाले पर्यटकों को हाड़ौती क्षेत्र के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन कराना है, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान और नई ऊंचाइयां मिल सकें।

भ्रमण के अंत में सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। फेडरेशन ने भविष्य में भी प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन संवर्धन से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प व्यक्त किया। हाड़ौती के पर्यटन मानचित्र पर मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में फेडरेशन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story