वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलॉईज यूनियन (WCREU) के यशस्वी महामंत्री कॉमरेड मुकेश गालव के 60वें जन्मदिवस के ऐतिहासिक अवसर पर कोटा मंडल में सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। यूनियन की मंडल यूथ विंग द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविरों में रेल कर्मचारियों और आमजन ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए कुल 604 यूनिट रक्त संग्रहित किया। इसी के साथ ‘कैंसर जाँच आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत आयोजित दो-दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 170 लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें जीवन रक्षा का मार्ग दिखाया गया।

यूनियन के सहायक महामंत्री कॉमरेड नरेश मालव ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 04 अप्रैल को कोटा के उमरावमल पुरोहित सभागार, वर्कशॉप यूनियन कार्यालय, सवाई माधोपुर रेलवे हेल्थ यूनिट और गंगापुर सिटी स्थित उप-मंडल चिकित्सालय में रक्तदान शिविरों का विशाल आयोजन हुआ। युवा रेल कर्मचारियों में इस आयोजन को लेकर भारी जोश व्याप्त था, जिसके परिणामस्वरूप 604 यूनिट रक्तदान संभव हो पाया। यूनियन के नेतृत्व में प्रतिवर्ष होने वाला यह रक्तदान विभिन्न ब्लड बैंकों में सुरक्षित रखा जाता है, जो आपातकाल में रेल कर्मियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होता है। शिविर के दौरान वनसर्ट ऑर्गेनाइजेशन के राकेश भार्गव के सौजन्य से रक्तदाताओं को पौष्टिक दूध का वितरण भी किया गया।

रक्तदान के इस महाकुंभ में कई प्रेरक झलकियां भी देखने को मिलीं। स्वयं सहायक महामंत्री कॉमरेड नरेश मालव ने 49वीं बार रक्तदान कर समाज के सम्मुख उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसमें उनकी धर्मपत्नी श्रीमती ममता मालव ने भी साथ दिया। वहीं लोको पायलट टीकम शर्मा ने अपनी पत्नी श्रीमती देवेश शर्मा के साथ, महिला कर्मचारी ज्योति माथुर एवं सीमा सिंह ने और लोको पायलट अनिल पचौरी ने अपने पुत्र माधव पचौरी के साथ रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाई। हिन्द मजदूर सभा से जुड़ी असंगठित क्षेत्र की मजदूर यूनियनों ने भी इस अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता की।

कार्यक्रम संयोजक एवं यूनियन के कोषाध्यक्ष कॉमरेड इरशाद खान के अनुसार, भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, जयपुर के सहयोग से आयोजित दो-दिवसीय कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविर का समापन शनिवार को उमरावमल पुरोहित सभागार में हुआ। शिविर में डॉ. निधि गोयल, डॉ. यश वर्धन शर्मा, डॉ. अपूर्वा टाक और डॉ. हर्ष वर्धन की विशेषज्ञ टीम ने 170 पंजीकृत महिला-पुरुषों की मैमोग्राफी, चेस्ट एक्स-रे, CA-125, PSA, CBC एवं पैप स्कैनर जैसी महत्वपूर्ण जाँचें कीं। विशेषज्ञ दल ने लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जाँच और निदान के महत्व से अवगत कराया।

इस गरिमामय अवसर पर उमरावमल पुरोहित सभागार एवं वर्कशॉप यूनियन कार्यालय में महामंत्री मुकेश गालव का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यूथ विंग के जोनल अध्यक्ष कॉमरेड मनीष मीना, मंडल सचिव कॉमरेड आशीष कटारा, कार्यकारी अध्यक्ष कॉमरेड आकांक्ष चौहान और वर्कशॉप शाखा के कॉमरेड मनोज गुप्ता ने सभी रेल कर्मियों, उनके परिजनों और असंगठित क्षेत्र के दाताओं का आभार व्यक्त किया। प्रेस सचिव राजेश गौतम ने बताया कि यह आयोजन न केवल एक व्यक्ति का सम्मान था, बल्कि मानवता की सेवा के प्रति यूनियन की अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक भी रहा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story