गुरु-शिष्य के रिश्ते में जुड़ी भरोसे की डोर, मोशन एजुकेशन में हजारों छात्राओं ने बांधी राखी
कोटा के मोशन एजुकेशन कैंपस में हजारों छात्राओं ने शिक्षकों को राखी बांधी। आयोजन में विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का भाव नजर आया।

तस्वीर में मोशन एजुकेशन कैंपस में छात्राएं शिक्षक नितिन विजय की कलाई पर राखी बांधती हुई नजर आ रही हैं।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुरुवार को मोशन एजुकेशन के दक्ष, द्रोणा और ध्रुव कैंपस में पढ़ाई के माहौल के बीच गुरु-शिष्य के रिश्ते में अपनत्व और स्नेह की नई डोर जुड़ी। छात्राओं ने शिक्षकों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति विश्वास और सम्मान जताया। वहीं शिक्षकों ने इस रिश्ते को जिम्मेदारी से जोड़ते हुए विद्यार्थियों की पढ़ाई, सुरक्षा और मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
सुबह शुरू हुआ राखी बांधने का सिलसिला शाम तक चलता रहा। नितिन विजय सहित अन्य शिक्षकों को हजारों छात्राओं ने राखी बांधी। छात्राओं ने तिलक किया, मिठाई खिलाई और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने भी छात्राओं को टॉफियां वितरित कीं। कई छात्राएं अपने हाथों से बनाई राखियां लेकर पहुंचीं। किसी ने पोस्टर के जरिए भावनाएं जाहिर कीं तो किसी ने गीत और कविता के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
मोशन एजुकेशन के फाउंडर और एजुकेटर नितिन विजय ने कहा कि विद्यार्थियों से राखी बंधवाने के बाद उनके प्रति जिम्मेदारी का अहसास और गहरा हुआ है। उन्होंने कहा, “राखी सिर्फ एक धागा नहीं है। यह विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने जो भरोसा जताया है, हम उसका मान रखेंगे और उनकी पढ़ाई के सफर में हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े रहेंगे।”
नितिन विजय के कैंपस पहुंचते ही छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। कई छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां उन्हें बांधीं। कुछ विद्यार्थियों ने उनकी प्रेरणादायक बातों को पोस्टर पर उतारा। गीत-संगीत, कविताओं और छोटी-छोटी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को पढ़ाई की दिनचर्या से अलग एक यादगार अनुभव बना दिया।
इस मौके पर नितिन विजय ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए शिक्षा के साथ संस्कार और संवेदनशीलता भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति भरोसे, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि कोटा में पढ़ाई के दौरान वे खुद को अकेला न समझें। मोशन एजुकेशन उनके शैक्षणिक सफर में मार्गदर्शन के साथ-साथ जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहेगा।
रक्षाबंधन के इस आयोजन में छात्राओं की ओर से शिक्षकों की कलाई पर बांधी गई राखियां महज कलाई की शोभा नहीं बनीं, बल्कि उन्होंने गुरु-शिष्य के रिश्ते में विश्वास और जिम्मेदारी की एक नई डोर भी जोड़ दी।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
