मोशन एजुकेशन की 'शिक्षा की लॉटरी 5.0' में हजारों विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप
दो लाख आवेदनों में से हजारों जरूरतमंद छात्रों का चयन, नितिन विजय ने मेधावी विद्यार्थियों और दिव्यांगों को निशुल्क कोचिंग व 2 करोड़ की अध्ययन सामग्री बांटी।

कोटा। मोशन एजुकेशन की ओर से द्रोणा-2 कैंपस में बुधवार रात आयोजित 'शिक्षा की लॉटरी-5.0' के माध्यम से हजारों जरूरतमंद स्टूडेंट्स को स्कॉलरशिप प्रदान की गईं। इस विशेष पहल के लिए देश भर से दो लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। मोशन एजुकेशन के फाउंडर और एजुकेटर नितिन विजय ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि मोशन पिछले चार साल से अपने यूट्यूब चैनलों से होने वाली आय से इस तरह की स्कॉलरशिप दे रहा है। इसका मकसद उन विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण कोचिंग देना है, जो आर्थिक कारणों से पीछे रह जाते हैं, लेकिन प्रतिभा और जज्बे में किसी से कम नहीं होते।
विद्यार्थियों को मिले विशेष उपहार और रिवार्ड्स
लॉटरी की चयन प्रक्रिया में चेतन कुमार को कोटा में क्लासरूम कोचिंग के साथ हॉस्टल और मेस की सुविधा निशुल्क दी गई है। इसके साथ ही 51 विद्यार्थियों को कोटा में पूर्णतः निशुल्क क्लासरूम कोचिंग प्रदान की गई। एक विशेष सरप्राइज रिवार्ड के तहत संस्थान में पहले से पढ़ रहे 3 छात्रों की जमा फीस भी लौटाई जा रही है। सामाजिक सरोकार निभाते हुए 10 दिव्यांग विद्यार्थियों को कोचिंग फीस में 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप देकर मुख्यधारा में आगे बढ़ने का अवसर दिया गया है।
देश-विदेश के केंद्रों पर स्कॉलरशिप और महिला सशक्तिकरण
मोशन एजुकेशन के देशभर में संचालित 80 स्टडी सेंटर और कुवैत स्थित सेंटर पर भी 200 विद्यार्थियों को लॉटरी के माध्यम से स्कॉलरशिप देकर कोचिंग प्रदान की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया की एक गौरवशाली बात यह रही कि स्कॉलरशिप पाने वाले कुल विद्यार्थियों में 50 प्रतिशत संख्या छात्राओं की है। अन्य श्रेणियों के अंतर्गत भी छात्रों को बड़ी राहत दी गई है, जिसमें 251 विद्यार्थियों को 35,000 रुपए, 351 को 45,000, 551 को 55,000, 751 को 65,000 और 1001 विद्यार्थियों को मात्र 75,000 रुपए में कोटा में क्लासरूम कोचिंग का अवसर मिला है।
निशुल्क अमृत कोर्स और अध्ययन सामग्री का वितरण
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 5555 स्टूडेंट्स को मोशन का 'अमृत कोर्स' पूरी तरह निशुल्क दिया गया है, जिससे वे मोशन लर्निंग ऐप के माध्यम से जेईई या नीट की तैयारी कर सकेंगे। इसके अलावा, करीब 23,000 विद्यार्थियों को नीट, जेईई और बोर्ड परीक्षाओं के पीवायक्यू (PYQ) और एनसीईआरटी आधारित प्रैक्टिस बुक्स निशुल्क वितरित की जाएंगी, जिनकी कुल बाजार कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक है। इस गरिमामयी अवसर पर मोशन एजुकेशन के चेयरमैन सुरेंद्र विजय, डायरेक्टर सुशीला विजय सहित संस्थान के कई वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
ऑल इण्डिया सीबीटी के रैंकर्स हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मोशन एजुकेशन द्वारा 26 मार्च को जेईई मेन स्टूडेंट्स के लिए देश के 172 शहरों में आयोजित ऑल इंडिया सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) के परिणामों और रिवार्ड की घोषणा की गई। इसमें ऑल इण्डिया रैंक एक पर रहे बोधिरूपी दत्ता को 51,000 रुपए, दूसरी रैंक पर रही पलाक्षी चौहान को 21,000 रुपए और तीसरे स्थान पर रहे ऋषित गोयल को 11,000 रुपए के पुरस्कार से नवाजा गया।
ओरिएंटेशन में नितिन विजय ने दिए सफलता के मंत्र
द्रोणा-2 कैंपस में आयोजित ओरिएंटेशन प्रोग्राम में हजारों छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए नितिन विजय ने कहा कि "वास्तविक मोटिवेशन बाहर से नहीं, बल्कि भीतर से आता है।" उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि नए माहौल में ढलने में 10 से 15 दिन का समय लगना सामान्य है, इसलिए शुरुआती असहजता से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने मोशन की कोचिंग प्रणाली और प्रभावी अध्ययन पद्धति की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि 100 प्रतिशत क्लास अटेंडेंस, नियमित टाइम-टेबल, शॉर्ट नोट्स बनाना और लगातार रिवीजन सफलता की बुनियादी शर्तें हैं। उन्होंने पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने और नियमित टेस्ट के गहन विश्लेषण पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि कम अंक आने पर निराश होने के बजाय अपनी कमजोरियों की पहचान कर उन्हें सुधारें। इस दौरान जेईई डिवीजन के ज्वाइंट डायरेक्टर रामरतन द्विवेदी, डिप्टी डायरेक्टर निखिल श्रीवास्तव और नीट डिवीजन के ज्वाइंट डायरेक्टर अमित वर्मा ने भी मार्गदर्शन दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
