कोटा में मोशन एजुकेशन के दो दिवसीय एजुकेशन फेयर का आगाज, 30 से अधिक विश्वविद्यालय हुए शामिल
आईआईटी और एनआईटी के अलावा इंजीनियरिंग, एआई, रोबोटिक्स और अन्य क्षेत्रों में करियर विकल्पों, स्कॉलरशिप व प्लेसमेंट की जानकारी देने के लिए आयोजन।

कोटा के मोशन एजुकेशन फेयर में शारदा विश्वविद्यालय के स्टॉल पर प्रतिनिधि और आगंतुक आपस में बातचीत कर रहे हैं।
कोटा में मोशन एजुकेशन की ओर से बुधवार को द्रोणा-2 कैंपस में दो दिवसीय शिक्षा महोत्सव एजुकेशन फेयर का आगाज हुआ। पहले ही दिन विद्यार्थियों और अभिभावकों की बड़ी भीड़ जुटी। यहां विद्यार्थियों को बताया गया कि आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश नहीं मिलने पर भी इंजीनियरिंग और अन्य क्षेत्रों में करियर बनाने के कई विकल्प मौजूद हैं। देशभर के ढाई दर्जन से अधिक विश्वविद्यालयों ने अपने स्टॉल लगाकर विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, फीस, स्कॉलरशिप और प्लेसमेंट से जुड़ी जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन मोशन एजुकेशन के जेईई डिवीजन के हेड एवं जॉइंट डायरेक्टर रामरतन द्विवेदी, डिप्टी डायरेक्टर निखिल श्रीवास्तव, सीनियर फैकल्टी दीपक जोशी, चंद्रशेखर शर्मा, जयंत चित्तौड़ा, आतिश अग्रवाल और करियर फेयर कोऑर्डिनेटर रवींद्र साहू ने किया।
इस अवसर पर जेईई डिवीजन के हेड रामरतन द्विवेदी ने कहा कि कोटा आने वाले विद्यार्थी केवल पढ़ाई करना ही नहीं सीखते, बल्कि मेहनत, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने का हुनर भी विकसित करते हैं। यही खूबियां उन्हें जीवन में आगे बढ़ने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि करियर किसी एक परीक्षा या संस्थान तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों के लिए जरूरी है कि वे अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को समझकर सही विकल्प चुनें। करियर फेयर का उद्देश्य भी केवल विकल्पों की जानकारी देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा चुनने में मदद करना है।
एजुकेशन फेयर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (पंजाब), एमआईटी आर्ट, डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी (महाराष्ट्र), डीम्ड यूनिवर्सिटी ग्राफिक एरा (हैदराबाद), केआईटी (गाजियाबाद) और पारुल यूनिवर्सिटी (गुजरात) सहित देशभर के ढाई दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों ने भाग लिया। संस्थानों के स्टॉल पर मौजूद विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक सुविधाओं और करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों की सबसे अधिक रुचि बीटेक के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में देखने को मिली। इसके अलावा मेडिकल, फार्मेसी, लॉ, मैनेजमेंट, फाइनेंस, डिजिटल मार्केटिंग और डिजाइनिंग के पाठ्यक्रमों को लेकर भी विद्यार्थियों ने जानकारी ली।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों ने बताया कि बदलते समय के साथ कंपनियों की अपेक्षाएं भी बदल रही हैं। अब केवल डिग्री के बजाय तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और समस्या समाधान की क्षमता को अधिक महत्व दिया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्थान अपने पाठ्यक्रमों में बदलाव कर रहे हैं।
एजुकेशन फेयर में कई विश्वविद्यालयों ने मेरिट आधारित स्कॉलरशिप, फीस में छूट और अन्य आर्थिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी। इससे निजी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई के विकल्प तलाश रहे विद्यार्थियों की दिलचस्पी बढ़ी। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से प्लेसमेंट रिकॉर्ड, कंपनियों के साथ साझेदारी, इंटर्नशिप और कैंपस सुविधाओं से जुड़े सवाल पूछे। आयोजन के दौरान ऑनलाइन प्रतियोगिताओं, क्विज और लकी ड्रॉ जैसी गतिविधियां भी रखी गईं।
एजुकेशन फेयर में पहुंचे विद्यार्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि उन्हें आईआईटी और एनआईटी के अलावा इंजीनियरिंग तथा अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों को करीब से समझने का अवसर मिला। पटना से आए विद्यार्थी अभिनव सिंह ने बताया कि अब तक उनके मन में यह चिंता रहती थी कि आईआईटी या एनआईटी में चयन नहीं हुआ तो आगे क्या होगा। यहां विभिन्न विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम, प्लेसमेंट और स्कॉलरशिप की जानकारी मिलने से उन्हें करियर की नई संभावनाओं को समझने का मौका मिला।
नई दिल्ली से आई छात्रा तनीषा जोशी ने बताया कि पहले उन्हें लगता था कि आईआईटी-एनआईटी में प्रवेश नहीं मिलने पर अच्छे करियर के रास्ते बंद हो जाएंगे। हालांकि, एजुकेशन फेयर में कई अन्य संस्थानों और पाठ्यक्रमों की जानकारी मिलने के बाद उन्हें भरोसा हुआ कि आगे बढ़ने के लिए एक से अधिक रास्ते मौजूद हैं।
शिक्षा महोत्सव एजुकेशन फेयर गुरुवार को भी सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान मोशन एजुकेशन के सीईओ नितिन विजय विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें उच्च शिक्षा तथा करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन देंगे। दो दिवसीय आयोजन के जरिए विद्यार्थियों को आईआईटी-एनआईटी के अलावा उपलब्ध शैक्षणिक संस्थानों और करियर के वैकल्पिक रास्तों की जानकारी मिल रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
