दीपावली पर जवाहर नगर में विधायक संदीप शर्मा ने की राम-राम, स्वदेशी उत्पाद अपनाने का किया आह्वान
व्यापारियों और स्थानीय लोगों से मिलकर दी शुभकामनाएं, प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान पर दिया जोर

विधायक संदीप शर्मा जवाहर नगर में स्थानीय लोगों से मिलते नजर आ रहे हैं।
दीपावली के अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने जवाहर नगर क्षेत्र में बाजारों और घरों तक पहुंचकर व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कई स्थानों पर उनका माला-साफा पहनाकर और स्वागत द्वार लगाकर जोरदार स्वागत किया गया। विधायक ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत अधिकाधिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
जग में प्रकाश और जीवन में उल्लास के महापर्व दीपावली पर लोगों से मिलने और उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए विधायक संदीप शर्मा लगातार अपने क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वे जवाहर नगर क्षेत्र के बाजारों और घरों में पहुंचे तथा लोगों से राम-राम कर दीपावली की बधाई दी। इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया, वहीं स्वागत द्वार भी लगाए गए।
विधायक संदीप शर्मा ने लोगों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें। इससे देश की पूंजी देश में ही रहेगी और बाजारों के साथ अर्थव्यवस्था में भी खुशहाली आएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश की विशाल आबादी कौशल विकास कार्यक्रम के माध्यम से हुनरमंद बन रही है। इससे आने वाले समय में भारत उत्पादन का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा और दुनियाभर में भारत निर्मित सामान की आपूर्ति होगी। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए 145 करोड़ भारतवासियों की सामूहिक शक्ति और भागीदारी आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा। यदि कोई उपभोक्ता है तो उसे अधिक से अधिक स्वदेशी सामान खरीदने का प्रयास करना चाहिए। दुकानदारों को अधिकाधिक स्वदेशी उत्पाद बेचने चाहिए और उत्पादकों को भारतीय कच्चे माल के उपयोग को प्राथमिकता देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी के एकजुट प्रयासों और सामूहिक भागीदारी से ही भारत आर्थिक महाशक्ति बन सकेगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री शैलेन्द्र ऋषि, पार्षद सुदर्शन गौतम, मंडल अध्यक्ष दीनू बंजारा, रवि शर्मा, लोकेश गुप्ता, सुनीता सेन, लहरी शंकर गौतम, रामस्वरूप शर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश माहेश्वरी, राहुल सिकरवार, हेमराज जिंदल, सुरभि झामनानी, मुकेश गौतम, संजय पारेता और सतीश मालव सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
