विधायक संदीप शर्मा ने किया भागवत कथा के पोस्टर का विमोचन
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने विमोचन के साथ कॉमर्स कॉलेज में आयोजन की घोषणा की, 8 मई से कृष्ण चंद्र शास्त्री सुनाएंगे भागवत कथा।

कोटा। श्री मंगलमय चमत्कारी धाम, विज्ञान नगर में भगवान श्री नर्मदेश्वर की स्थापना एवं विवाह महोत्सव के उपलक्ष में आयोजित भव्य पंचकुंडीय महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विधिवत श्री गणपति पूजन, पंचामृत अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया एवं पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
विधायक संदीप शर्मा द्वारा पोस्टर विमोचन एवं आयोजन स्थल की घोषणा
भगवान श्री नर्मदेश्वर की स्थापना एवं विवाह महोत्सव के उपलक्ष में आयोजित भव्य पंचकुंडीय महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ आयोजन के पोस्टर का विमोचन कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा द्वारा महंत पंडित अशोक तिवारी के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर धाम से जुड़े श्रद्धालु, भक्तगण एवं आयोजन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विधायक संदीप शर्मा ने भागवत कथा आयोजन हेतु राजकीय कॉमर्स कॉलेज, तलवंडी के खेल प्रांगण की घोषणा की। ## वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान
महंत पंडित अशोक तिवारी के नेतृत्व में पंडित राम अवतार एवं अन्य विद्वान पंडितों द्वारा प्रातः 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री गणपति जी का दुग्ध, दही एवं पंचामृत से भव्य अभिषेक किया गया। इसके पश्चात भगवान का चोला चढ़ाकर महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि "यह आयोजन केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। श्रीमद् भागवत कथा एवं महायज्ञ के माध्यम से कोटा में युवा सम्मेलन एवं नशा मुक्ति अभियान को नई दिशा मिलेगी, जो वर्तमान समय की आवश्यकता है। साथ ही यह आयोजन सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और विस्तृत विवरण
महंत पंडित अशोक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 मई 2026 को श्री विनायक स्थापना, 7 मई को भव्य कलश यात्रा, 8 मई से 14 मई तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन राजकीय कॉमर्स कॉलेज, तलवंडी में किया जाएगा जिसमें कथा प्रवक्ता भागवत भास्कर कृष्ण चंद्र शास्त्री जी ठाकुर महाराज होंगे। 12 मई को विशाल एवं भव्य शिव बारात निकाली जाएगी उस दिन कथा में परम पूज्य इंद्रेश जी उपाध्याय भी उपस्थित रहकर आशीर्वचन देंगे, 13 मई को गोधूलि बेला में शिव विवाह (ब्यावला) का आयोजन होगा। कार्यक्रम का समापन 15 मई को विशाल आम भंडारे के साथ होगा।
आयोजन समिति एवं गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस अवसर पर आयोजन समिति के अजय चतुर्वेदी, कपिल शर्मा, सुरेश लखेरा, के.के. शर्मा ‘कमल’, विवेक मित्तल, नरेंद्र सोनी ‘लाला’, निर्माण प्रभारी हरीश सोनी, लोकेश गोयल, सूरज प्रजापति, प्रणय दुबे, पूजन प्रभारी मुकेश जैन, कोष प्रभारी अशोक शर्मा, पुनीत चतुर्वेदी, अमित गुप्ता, ललित शर्मा, बृजवासी मामा जी पुष्पकांत शर्मा, नरेश शर्मा, महेश विजय, देवेंद्र सिंह सहित श्री मंगलमय चमत्कारिक युवा टीम के साथी मनोज शर्मा, हर्षित शर्मा, सौरभ, तन्मय, अनेक सदस्यगण उपस्थित रहे। धार्मिक आस्था, युवा सम्मेलन एवं नशा मुक्ति अभियान, सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के समन्वय से यह आयोजन कोटा में एक भव्य आध्यात्मिक उत्सव का स्वरूप लेता नजर आ रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
