कोटा, 19 मार्च 2026: लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने रबी फसलों की कटाई एवं उठाव के दौरान बढ़ती आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर एवं नगर निगम आयुक्त कोटा को पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र के अंतर्गत मण्डाना, कैथून एवं ताथेड़ स्थित पुलिस थानों में फसल कटाई एवं उठाव की अवधि तक अस्थायी रूप से एक-एक फायर ब्रिगेड वाहन की व्यवस्था करने की पुरजोर मांग की है।

किसानों की मेहनत और आर्थिक सुरक्षा का प्रश्न

विधायक कल्पना देवी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि वर्तमान समय में रबी फसलों की कटाई का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और क्षेत्र के किसान अपनी दिन-रात की कड़ी मेहनत से तैयार फसलों की कटाई में जुटे हुए हैं। "इस दौरान बढ़ती गर्मी एवं अन्य कारणों से खड़ी एवं कटी हुई फसलों में आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है तथा उनके समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो जाता है।"

दूरी और यातायात बनी बड़ी बाधा

विधायक ने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि कोटा शहर से फायर ब्रिगेड वाहन घटनास्थल तक पहुँचने में दूरी एवं यातायात की अधिकता के कारण विलंब हो जाता है, जिसके परिणामस्वरूप आग पर समय रहते नियंत्रण संभव नहीं हो पाता और नुकसान कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आपातकालीन स्थिति में समय की बचत ही किसानों की फसल को बचा सकती है।

पुलिस थानों में अस्थाई तैनाती का प्रस्ताव

विधायक ने समाधान सुझाते हुए यह मांग रखी कि फसल कटाई एवं उठाव की अवधि तक लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के मण्डाना, कैथून एवं ताथेड में स्थित पुलिस थानों में एक-एक फायर ब्रिगेड वाहन की अस्थाई व्यवस्था कर दी जाए। यदि इन केंद्रों पर वाहनों की तैनाती होती है, तो क्षेत्र में आगजनी की किसी भी घटना पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सकेगा और इससे न केवल किसानों को त्वरित राहत मिलेगी, बल्कि आग से होने वाले संभावित नुकसान को भी काफी हद तक रोका जा सकेगा। साथ ही, इससे शहर से वाहन आने में होने वाली देरी एवं ट्रैफिक संबंधी समस्याओं से भी निजात मिल सकेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story