मेड़तवाल समाज का विराट ‘जीवन साथी परिचय सम्मेलन’ 27–28 दिसंबर को इंदौर में, देशभर से 1150 युवक-युवतियों का पंजीयन
अखिल भारतीय मेड़तवाल (वैश्य) समाज का दो दिवसीय ‘जीवन साथी परिचय सम्मेलन’ 27–28 दिसंबर को इंदौर में आयोजित होगा। देशभर से 1150 विवाह योग्य युवक-युवतियों का पंजीयन, आवास व स्मारिका सहित सभी तैयारियां पूर्ण, समाज में ही रिश्तों को प्राथमिकता देने का संदेश।

समाज में संस्कार, समर्पण और परंपरा को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ने का सशक्त प्रयास करते हुए अखिल भारतीय मेड़तवाल (वैश्य) समाज द्वारा 27 और 28 दिसंबर को इंदौर में दो दिवसीय ‘जीवन साथी परिचय सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित सम्मेलन में देशभर से 1150 से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों का पंजीयन हो चुका है, जिससे आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है।
श्री मेडतवाल वैश्य समाज, इंदौर के अध्यक्ष शक्तिनाथ गुप्ता और महामंत्री लक्ष्मीनारायण मेड़तवाल ने बताया कि यह विराट परिचय सम्मेलन श्री मेड़तवाल सोशल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में छोटा बांगड़दा रोड स्थित बाबाश्री गार्डन, स्वर्गीय इंद्रदेव आर्य परिसर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का शुभारंभ 27 दिसंबर को प्रातः 8:30 बजे होगा, जिसमें देश-विदेश से आए समाज के प्रतिभागी अपने अभिभावकों के साथ सहभागिता करेंगे।
आयोजन समिति के संयोजक गोपाल भगत के अनुसार, सम्मेलन को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए आवास, मंच व्यवस्था, भोजन, यातायात, सुरक्षा, स्मारिका वितरण और पूछताछ समितियों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए समाज के मांगलिक भवनों और बाबाश्री गार्डन परिसर में ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री मेड़तवाल सोशल ग्रुप के महामंत्री एडवोकेट जगदीश चंद्र गुप्ता ने बताया कि राजस्थान और मध्यप्रदेश के गांवों, कस्बों और शहरों के अलावा मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद, सूरत, बैंगलूरू, पुणे, गुरुग्राम, जयपुर, भोपाल, कोटा और इंदौर जैसे प्रमुख महानगरों से भी बड़ी संख्या में युवक-युवतियां सम्मेलन में भाग लेंगे। इनमें स्टार्टअप, व्यापार, उच्च शिक्षा और निजी व सरकारी क्षेत्रों में कार्यरत युवा शामिल हैं। साथ ही विदेशों में कार्यरत समाज के युवक-युवतियों की सहभागिता भी इस सम्मेलन को विशेष पहचान दे रही है।
परिचय स्मारिका के संयोजक आर.एस. गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में 1150 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए एक विशेष मेल-मिलाप समिति गठित की गई है, जो दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित करने में सहयोग करेगी। 22 दिसंबर से ‘जीवन साथी परिचय स्मारिका’ का वितरण प्रारंभ किया जाएगा, जिससे प्रतिभागी बायोडाटा के माध्यम से आयु, शिक्षा, गोत्र, व्यवसाय, नौकरी और वार्षिक आय जैसी जानकारियों का अवलोकन कर सकेंगे।
मंदिर श्री फलौदी माताजी महाराज प्रन्यास, खैराबाद के निर्वाचित अध्यक्ष सेठ मोहनदास करोडिया, राष्ट्रीय महामंत्री पुरुषोत्तम घाटिया और समिति के राष्ट्रीय महामंत्री विष्णु प्रसाद करोडिया मंडावर ने बताया कि यह सम्मेलन समाज के भीतर रिश्तों को सशक्त बनाने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के रिश्ते समाज में ही प्राथमिकता के आधार पर तय करें, जिससे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को बल मिले।
प्रन्यास के निर्वाचित ट्रस्टी श्यामसुंदर सिंगी, विष्णुप्रसाद करोड़िया और हरिनारायण मुंजे ने कहा कि लंबे समय बाद इंदौर में आयोजित इस विराट सम्मेलन को लेकर समाज के अविवाहित युवाओं में खासा उत्साह है। समाज के युवा व्यवसाय, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, आईटी, कानून, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, प्रशासनिक और सरकारी सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज का गौरव बढ़ा रहे हैं। अखिल भारतीय नवयुवक संघ के अध्यक्ष सागर ‘गोलू’ भंडारी और श्री फलौदी महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता गुप्ता ने सभी विवाह योग्य युवक-युवतियों से अपील की कि वे इस सम्मेलन में सहभागिता कर समाज में ही जीवन साथी चयन को प्राथमिकता दें।
दो दिवसीय यह परिचय सम्मेलन न केवल विवाह योग्य युवक-युवतियों को उपयुक्त जीवन साथी चुनने का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि समाज की एकता, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक निरंतरता को भी सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
- मेड़तवाल समाज जीवन साथी परिचय सम्मेलन इंदौर 2025इंदौर में मेड़तवाल वैश्य समाज का परिचय सम्मेलन27-28 दिसंबर मेड़तवाल समाज विवाह सम्मेलनअखिल भारतीय मेड़तवाल समाज परिचय सम्मेलन समाचार1150 युवक युवती पंजीयन मेड़तवाल सम्मेलनMedatwal Samaj Vivah Parichay Sammelan IndoreMedatwal Vaishya marriage meet December 2025All India Medatwal Samaj matrimonial conferenceMedatwal community marriage event Indore MPMedatwal youth marriage introduction conference India

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
