कोटा, 7 अप्रैल। पुष्टिमार्गीय वैष्णव संप्रदाय की प्रथम पीठ, श्री प्रथम गृह निधि श्रीमन्मथुराधीश प्रभु के प्रांगण में 8 अप्रैल को विशेष 'गुलाब का अठखम्बा' मनोरथ होगा। इस दौरान प्रथम पीठाधीश्वर गोस्वामी विट्ठलनाथ (लालमणी) महाराज का पावन जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मनोरथ के तहत् प्रभु के अलौकिक स्वरूप के दर्शन होंगे।

उत्सव का भव्य आयोजन और विशेष श्रृंगार

प्रथम पीठ युवराज मिलन कुमार गोस्वामी ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ वैशाख (गुजराती चैत्र) कृष्ण पक्ष षष्ठी, बुधवार को प्रातःकाल मंगला की झांकी के साथ होगा। मंदिर के मुखियाजी और सेवादारों द्वारा प्रभु का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और बधाई गान की गूँज से समूचा परिसर गुंजायमान रहेगा। इस विशेष तिथि पर दर्शनों के समय में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु परिवर्तन किया गया है, ताकि अधिक से अधिक भक्त प्रभु की एक झलक पा सकें। इस दौरान प्रभु को विशेष केसरिया सामग्री और उत्सव के विशेष भोग अर्पित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि "जन्मोत्सव के विशेष उपलक्ष्य में सायंकाल उत्थापन और भोग के दर्शन नहीं खुलेंगे।" वहीं सायं 5 से 5:30 बजे तक 'गुलाब का अठखम्बा' मनोरथ का आयोजन किया जा रहा है। पुष्टिमार्गीय परंपरा में अठखम्बा मनोरथ का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इस दौरान मंदिर के विशेष स्तंभों को हजारों ताजे गुलाब के फूलों से सजाया जाएगा। जिससे संपूर्ण वातावरण सुगंधित और दिव्य हो उठेगा। प्रभु मथुराधीश जी इस पुष्प बंगले और अठखम्बा की भव्यता के बीच विराजित होकर भक्तों को दर्शन देंगे।

दर्शनों का विशेष समय एवं कार्यक्रम

दर्शनों के अनुक्रम में मंगला दर्शन प्रातः 06:30 बजे से नियत समय अवधि तक रहेंगे। इसके पश्चात ग्वाल दर्शन प्रातः 09:30 बजे से होंगे। राजभोग दर्शन प्रातः 11 बजे के बाद सेवानुकूल समय पर होंगे। मनोरथ का मुख्य कार्यक्रम सायं 5 बजे से आयोजित किया जाएगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story