मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब पद्मिनी द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 25 से अधिक गर्भवती महिलाओं, माताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर विशेषज्ञों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

रोटरी क्लब पद्मिनी की अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और माताओं को सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशु की देखभाल तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था, ताकि वे समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ा सकें।

सेमिनार में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति शर्मा ने गर्भावस्था के दौरान आवश्यक प्रीनेटल केयर, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मातृ स्वास्थ्य, गर्भावस्था में अनिवार्य टीकाकरण तथा शिशु के स्वास्थ्य एवं टीकाकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संस्थागत प्रसव के महत्व पर बल देते हुए उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान, सुरक्षित प्रसव, स्तनपान की उपयोगिता तथा नवजात शिशु की समुचित देखभाल के बारे में भी विस्तृत मार्गदर्शन किया।

डॉ. प्रीति शर्मा ने कहा कि स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और स्वस्थ परिवार की अवधारणा को साकार करने के लिए गर्भावस्था के दौरान नियमित चिकित्सकीय परामर्श, संतुलित पोषण और समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरैक्टिव सत्र में महिलाओं ने गर्भावस्था एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. शर्मा ने सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान प्रस्तुत किया।

रोटरी क्लब पद्मिनी की अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। कार्यक्रम के समापन पर सोनिया लाखोटिया एवं मंजू यादव के सहयोग से सभी प्रतिभागी महिलाओं को पोषक आहार किट एवं फल वितरित किए गए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित यह पहल महिलाओं तक आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story