पंचायती राज चुनावों में जीत पर मनोज दुबे का भाजपा सरकार पर हमला
मनोज दुबे ने खाद की किल्लत, सिंचाई पानी और फसल मुआवजे की कमी को पंचायत चुनावों में भाजपा के खिलाफ ग्रामीण और किसान मतदान की प्रमुख वजह बताया।

कोटा, 20 नवंबर। राजस्थान में पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस को मिले जनसमर्थन के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने हर्ष व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में किसानों की घोर उपेक्षा को पंचायत चुनावों में भाजपा की करारी हार का प्रमुख कारण बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों, झूठे वादों और उपेक्षा से नाराज किसानों ने अपने मताधिकार के जरिए सरकार को करारा जवाब दिया है।
मनोज दुबे ने कहा कि भाजपा के कुशासन में राजस्थान का किसान खून के आंसू रोने को मजबूर है। किसानों को न पर्याप्त खाद मिल रही है, न बिजली और न ही फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। उन्नत बीजों की कमी के साथ किसानों को अपनी फसल का उचित समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा है। वहीं, फसल खराबे का मुआवजा भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों, झूठे वादों और कुशासन से परेशान प्रदेश के किसानों तथा ग्रामीण जनता ने पंचायती राज चुनावों में भाजपा के अहंकार और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ मतदान कर अपना आक्रोश जाहिर किया है।
दुबे ने डबल इंजन भाजपा सरकार में खाद की किल्लत को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खाद की कमी के चलते किसान यूरिया और डीएपी ब्लैक में महंगी कीमतों पर खरीदने को मजबूर हैं। खाद के साथ अटैचमेंट, खाद की किल्लत और कालाबाजारी किसानों के सामने गंभीर समस्याएं बन गई हैं। भाजपा सरकार किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी, यूरिया, खाद, बीज, पानी और बिजली उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। किसानों को अपनी खेती की बुनियादी जरूरतों खाद, बिजली और सिंचाई के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मिला प्रचंड जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार महज तीन वर्षों में प्रदेश की जनता का विश्वास खो चुकी है। किसान, नौजवान, मजदूर और महिलाएं सरकार की जनविरोधी नीतियों, उपेक्षा और वादाखिलाफी से परेशान हैं। गांव-ढाणी की जनता ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर भाजपा सरकार के सत्ता के अहंकार और जनविरोधी फैसलों का जवाब दिया है।
मनोज दुबे ने कहा कि पंचायत चुनावों का जनादेश स्पष्ट संकेत दे रहा है कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उनके अनुसार, किसानों और ग्रामीण जनता की नाराजगी ने चुनावी नतीजों में अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
