कोटा, 1 अगस्त। भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज दुबे ने विधानसभा उपचुनाव में बिहार की बांकीपुर सीट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की हार पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार के अहंकार के अंत की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि बिहार और मध्यप्रदेश में हुए विधानसभा उपचुनाव के परिणाम स्पष्ट संकेत देते हैं कि देश में अब भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।

मनोज दुबे ने बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर तथा मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह की जीत को शानदार और ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा किसानों की लगातार की जा रही उपेक्षा के कारण देश के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उनके अनुसार देश का अन्नदाता चारों ओर से संकट का सामना कर रहा है। समय पर खाद नहीं मिल रही, एमएसपी की गारंटी नहीं है, पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं है, ई-टोकन व्यवस्था की जटिल प्रक्रिया से किसान परेशान हैं, फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा, खेती की बढ़ती लागत में कोई कमी नहीं आई है, समय पर भुगतान नहीं हो रहा, नकली खाद, बीज और पेस्टिसाइड पर रोक नहीं लग रही तथा किसानों पर बढ़ते कर्ज और सिंचाई की गंभीर समस्याओं ने उनकी कमर तोड़ दी है। उन्होंने दावा किया कि किसानों में बढ़ता भारी रोष ही उपचुनाव में भाजपा की हार का प्रमुख कारण है।

मनोज दुबे ने कहा कि उपचुनाव परिणाम जनता का स्पष्ट संदेश है कि अब भाजपा सरकार दमन, बर्बरता, तानाशाही, लाठियों और गोलियों के बल पर देश के किसानों, छात्रों और युवाओं की आवाज नहीं दबा सकती। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आंदोलनकारी छात्रों, युवाओं और महिलाओं पर हुए लाठीचार्ज, पेलेट गन के इस्तेमाल, हिंसक कार्रवाई तथा निर्दोष छात्रों और युवाओं पर एके-47 के संबंध में भाजपा सरकार को जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपना बूथ और अपना वार्ड भी हार चुके हैं। मनोज दुबे ने आरोप लगाया कि लखनऊ की रैली में हनुमान जी के स्वरूप को भाजपा का झंडा लेकर डांस कराने के माध्यम से सनातन धर्म का घोर अपमान किया गया, जिसका जवाब जनता ने दिया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पहली परीक्षा में ही बुरी तरह फेल हो गए।

मनोज दुबे ने कहा कि उपचुनाव के दौरान पटना से भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने अहंकार में कहा था कि बांकीपुर से कुत्ता-बिल्ली भी लड़ाएंगे तो भाजपा जीत जाएगी, लेकिन बांकीपुर की जनता ने भाजपा को हराकर यह बता दिया कि जनता भाजपा नेताओं की गुलाम नहीं है।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर और दतिया विधानसभा उपचुनाव से बड़ा राजनीतिक संदेश निकला है। उनके अनुसार भाजपा को यहां प्रचंड हार का सामना करना पड़ा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपनी ही विधानसभा सीट नहीं बचा पाए। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बताता है कि जनता का जनादेश सर्वोपरि है और लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता ही करती है। मनोज दुबे ने कहा कि अब यह चर्चा तेज है कि बांकीपुर और दतिया से शुरू हुआ यह संदेश पूरे देश की राजनीति पर असर डालेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story