ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगेगे किसान, मनोज दुबे ने किया जन जागरण का ऐलान
भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के नेता मनोज दुबे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया।

कोटा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान करते किसान नेता मनोज दुबे।
कोटा, 16 अक्टूबर। भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के राष्ट्रीय नेता मनोज दुबे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का समर्थन करते हुए गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया है। उन्होंने किसानों से धरना, विरोध प्रदर्शन और मोर्चेबंदी के जरिए विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया। मनोज दुबे ने कहा कि किसान महासभा के कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गांव-गांव में अभियान चलाकर विरोध तेज करेंगे।
मनोज दुबे ने ज्ञानेश कुमार पर 'वोट चोरी' के जरिए जनादेश लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने तत्काल इस्तीफा देने के साथ ही ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की। दुबे ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और आम आदमी से वोट डालने का अधिकार छीन रहे हैं।
किसान नेता ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया नहीं जाता और उनकी गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक किसान महासभा के कार्यकर्ता देशभर में लोकतंत्र की इस खुली लूट के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने 'वोट चोरी' और ज्ञानेश कुमार की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की सच्चाई देश की आम जनता के सामने आनी चाहिए। इसके लिए ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा बेहद जरूरी है।
मनोज दुबे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग अब चुनाव नहीं, बल्कि चोरी का आयोग बन चुका है। उन्होंने सवाल किया, "जब वोट ही सुरक्षित नहीं, तो लोकतंत्र कैसा?" दुबे ने ज्ञानेश कुमार पर भारत के साथ देशद्रोह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के भेष में भाजपा के एजेंट बनकर लोकतंत्र लूटने वाले बचकर भाग नहीं सकते और उन्हें इस्तीफा देना ही होगा।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने भाजपा सरकार के एजेंट के रूप में काम किया है और 'वोट चोरी' करके जनादेश लूटा है। मनोज दुबे ने इसे बेहद गंभीर एवं देशविरोधी कृत्य बताते हुए दावा किया कि इसके खिलाफ पूरा देश आंदोलनरत है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफा लेने और उन्हें जेल भेजने की मांग दोहराई। किसान महासभा की ओर से घोषित गांव-गांव जनजागरण अभियान और देशव्यापी संघर्ष के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध तेज करने का ऐलान किया गया है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
