घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बढ़ी हुई कीमतों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है और देश में अमृतकाल नहीं, बल्कि महंगाईकाल चल रहा है, जिसमें आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है।

मनोज दुबे ने कहा कि पेट्रोल, डीज़ल और सीएनजी के बढ़ते दामों से जनता पहले ही परेशान है। ऐसे में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर पर 29 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी ने आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में दूसरी बार रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

उन्होंने कहा कि एक ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर आम लोगों की आय में कोई बढ़ोतरी नहीं हो रही है। ऐसे हालात में मध्यम वर्ग, गरीब और मेहनतकश परिवारों के लिए घर का बजट संभालना दिन-प्रतिदिन अधिक कठिन होता जा रहा है।

मनोज दुबे ने कहा कि पहले से ही आसमान छूती महंगाई से जूझ रही आम जनता को भाजपा सरकार ने एक और महंगाई का झटका दिया है। उनका कहना है कि इसका सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है। जनता को राहत देने के बजाय रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं और सेवाओं को लगातार महंगा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण और आम परिवारों को राहत देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में आम आदमी का कोई स्थान नहीं रह गया है। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार से आमजन को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story