कोटा 8 सितंबर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने मंगलवार को कोटा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो को पूरी तरह फ्लॉप बताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास पर ध्यान देती तो नगरीय निकाय चुनावों में मुख्यमंत्री को गली-गली घूमने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि कोटा में भाजपा प्रत्याशियों में भारी डर का माहौल है और मुख्यमंत्री का रोड शो कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है।

मनोज दुबे ने कहा कि हालात ऐसे हैं कि कोटा में भाजपा के पार्षद चुनाव के प्रत्याशियों को जिताने के लिए अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को खुद मैदान में उतरना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यदि स्थानीय स्तर पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल इतना मजबूत है तो फिर मुख्यमंत्री को खुद रोड शो करके वोट क्यों मांगने पड़ रहे हैं?

उन्होंने कहा कि सोचने वाली बात है कि कोटा में मुख्यमंत्री को रोड शो करने की नौबत क्यों आई। यह पहली बार है जब कोई मुख्यमंत्री स्थानीय निकाय, यानी नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम के चुनावों में रोड शो कर रहा है। मनोज दुबे ने कहा कि यह उनके लिए कोई प्लस पॉइंट नहीं, बल्कि सबसे बड़ा नेगेटिव पॉइंट है।

मनोज दुबे के अनुसार, निकाय चुनाव में रोड शो कर मुख्यमंत्री ने खुद सिद्ध कर दिया है कि पिछले ढाई साल से भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है और जनता में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि टूटी सड़कों और खराब सीवरेज व्यवस्था से शहर बर्बाद हो रहे हैं तथा विकास का कोई काम नहीं हो रहा है। शिक्षा, चिकित्सा और कानून व्यवस्था भी पूर्ण रूप से चौपट हो चुकी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में हार के डर से भाजपा नेताओं में घबराहट और भारी बौखलाहट का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि कोटा सहित प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की भारी जीत तय है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story