विज्ञान नगर में धार्मिक महोत्सव: श्रीमद् भागवत कथा और महायज्ञ की तैयारी
कोटा के विज्ञान नगर में 10 दिवसीय आयोजन के तहत श्रीमद् भागवत कथा, महायज्ञ और नशा मुक्ति अभियान के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

कोटा के विज्ञान नगर स्थित श्री मंगलमय चमत्कारी धाम में आगामी धार्मिक महोत्सव के लिए निर्माणाधीन यज्ञशाला में कार्य करते श्रमिक।
विज्ञान नगर स्थित श्री मंगलमय चमत्कारी धाम हनुमान सेवा समिति (रजि.) द्वारा 6 मई से 15 मई 2026 तक आयोजित होने जा रहा 10 दिवसीय भव्य, विशाल एवं दिव्य धार्मिक आयोजन शहर में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक जागरण का केंद्र बनने जा रहा है। नर्मदेश्वर स्थापना, पंचकुण्डीय महायज्ञ, युवा संबलन एवं नशा मुक्ति अभियान के संकल्प के साथ आयोजित इस महोत्सव में देशभर से संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।
आयोजन के तहत श्री विनायक स्थापना के साथ 6 मई को कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। 7 मई को दोपहर 3:00 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। 8 मई से 14 मई 2026 तक कॉमर्स कॉलेज ग्राउंड में पूज्य श्री कृष्ण चंद्र ठाकुर जी के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 108 मूल पाठों के साथ श्रद्धालुओं को कथा का दिव्य रसपान कराया जाएगा।
12 मई को शिव बारात का आयोजन शाम 6:00 बजे कॉमर्स कॉलेज ग्राउंड से श्री मंगलमय चमत्कारी धाम तक गाजे-बाजे और भव्य झांकियों के साथ किया जाएगा। शिव पार्वती विवाह महोत्सव के इस विशेष अवसर पर प्रख्यात संत पूज्य इंद्रेश उपाध्याय जी का आगमन प्रस्तावित है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है। आयोजन का समापन 15 मई को विशाल आम भंडारे के साथ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।
श्री मंगलमय चमत्कारी धाम के महंत पंडित अशोक तिवारी ने बताया कि इस धार्मिक महायज्ञ का उद्देश्य केवल आध्यात्मिक उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत युवा सम्मेलन, नशा मुक्ति अभियान, गौ सेवा, पितृ दोष निवारण, रोजगार एवं शिक्षा को प्रोत्साहन जैसे महत्वपूर्ण संकल्प लिए गए हैं। समाज के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उच्च शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना भी प्रमुख लक्ष्य रखा गया है।
समिति ने सभी श्रद्धालुजनों एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे सपरिवार पधारकर कथा श्रवण करें और इस महायज्ञ में तन, मन, धन से सहयोग देकर धर्म लाभ अर्जित करें। विशेष सहयोगकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्री मंगलमय चमत्कारी धाम पर नर्मदेश्वर स्थापना, पंच कुंडीय महायज्ञ, शिव-पार्वती विवाह महोत्सव एवं मूल पाठ के लिए यज्ञशाला का निर्माण जारी है, जबकि कॉमर्स कॉलेज खेल प्रांगण में विशाल डोम तैयार हो चुका है। विद्युत व्यवस्था और सज्जा कार्य अंतिम दौर में है। यह आयोजन कोटा शहर के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है, जिसमें भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक चेतना का अद्वितीय संगम देखने को मिलेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
