कोटा में माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित 'नवसृजन – परंपरा एवं प्रतिभा का संगम' कार्यक्रम ने आधुनिकता और सांस्कृतिक धरोहर का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस गरिमामयी समारोह में समाज की महिलाओं ने किटी थीम से लेकर जीरो ऑयल कुकिंग तक की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी एवं सूरज बिरला उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी ने शिरकत की। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने महिला मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की यह सक्रिय भागीदारी समाज की सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने और नई ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

महिला मंडल की अध्यक्ष सरिता मोहता एवं सचिव श्वेता माहेश्वरी के अनुसार, इस दौरान पारंपरिक मांडणा, क्रोशिया कला, किटी थीम और जीरो ऑयल कुकिंग जैसी अनूठी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मांडणा प्रतियोगिता में जहां राजस्थान की लोक कला जीवंत हो उठी, वहीं क्रोशिया कला में महिलाओं के बेहतरीन हस्तकौशल का प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही किटी थीम प्रतियोगिता में गांव की थीम, दक्षिण भारतीय संस्कृति, ब्रज संस्कृति, अखाड़ा, पंचतत्व, रेनबो, हाड़ौती हरियाली, अयोध्या और कैबिनेट किटी जैसे रचनात्मक विषयों पर प्रस्तुतियां दी गईं। इसमें पंचतत्व थीम के तहत नौकाविहार और दक्षिण भारतीय थीम के तहत क्षेत्रीय व्यंजनों व परिवेश को विशेष सराहना मिली। वहीं स्वास्थ्य और पोषण के संदेश के साथ आयोजित जीरो ऑयल कुकिंग प्रतियोगिता में करीब 45 महिलाओं ने बिना तेल के बने स्वास्थ्यवर्धक देसी पकवान, इडली और दही भल्ले जैसे व्यंजन पेश किए, जिनका मूल्यांकन स्वाद, मौलिकता और पोषण के आधार पर किया गया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में प्रियंका राठी, विनीता बिरला और मोनिका नुवाल सहित पूरी महेश नवमी टीम का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिताओं के परिणामों के तहत किटी थीम में सीमा कल्या एवं टीम, मांडणा में श्रुति खुवाल, क्रोशिया कला में तृप्ति लड्डा और जीरो ऑयल कुकिंग के मीठे वर्ग में सांची राठी व नमकीन वर्ग में गर्विता मूंदड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्सव के अगले चरण की जानकारी देते हुए मुख्य समन्वयक महेश अजमेरा और समन्वयक राजेश जाजू ने बताया कि आज यानी 23 जून को कोटा में भगवान महेश का महाअभिषेक एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। प्रातःकाल झालावाड़ रोड स्थित श्री माहेश्वरी भवन में 51 विद्वान पंडितों के सानिध्य में 221 शिवलिंगों का निर्माण कर महाअभिषेक संपन्न होगा, जिसके बाद सायं काल में ग्लोबल पब्लिक स्कूल से श्रीनाथपुरम तक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार महाप्रसादी का आयोजन पूरी तरह से डिस्पोजल-फ्री रहेगा, जिसमें समाजबंधु अपनी पारंपरिक परोसगारी की संस्कृति का निर्वहन करेंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story