महेश नवमी महोत्सव में खेलों का उत्साह चरम पर, वॉलीबॉल फाइनल में ‘पलटन’ ने जीता खिताब
कोटा में महेश नवमी महोत्सव के तहत खेल प्रतियोगिताओं का रोमांच चरम पर पहुंचा। वॉलीबॉल फाइनल में ‘पलटन’ टीम ने खिताब जीता, जबकि बॉक्स क्रिकेट के मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित बनाए रखा।

महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के दौरान मैदान पर वॉलीबॉल का फाइनल मुकाबला खेलते खिलाड़ी और उपस्थित समाज के अन्य लोग।
माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया है। खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और सामुदायिक एकता के माहौल के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बुधवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला और बॉक्स क्रिकेट के लीग मैच आकर्षण का केंद्र रहे।
महोत्सव के मुख्य संयोजक महेश अजमेरा ने बताया कि महेश नवमी महोत्सव के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ‘पलटन’ टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए माहेश्वरी राइडर टीम को पराजित कर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।
खेल संयोजक धनश्याम मूंदड़ा एवं अविनाश अजमेरा के अनुसार, बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत छह लीग मुकाबले खेले गए। इन मैचों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा (पश्चिमांचल) के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मसंयम, नेतृत्व क्षमता, संघर्षशीलता और टीम भावना के विकास का सशक्त आधार भी हैं। उन्होंने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में समाज के मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, पूर्वी राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष महेशचंद अजमेरा, सहमंत्री एवं खेल समन्वयक धनश्याम मूंदड़ा, उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शारदा, जिला अध्यक्ष सुरेशचंद्र काबरा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्य समन्वयक महेशचंद अजमेरा ने बताया कि महेश नवमी महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों के अंतर्गत 21 जून को विश्व योग दिवस एवं सांस्कृतिक संध्या, 22 जून को नवसृजन कार्यक्रम तथा 23 जून को महाअभिषेक एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।
महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ये खेल प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच प्रदान कर रही हैं, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को भी सशक्त रूप से आगे बढ़ा रही हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
