महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव: कोटा में भव्य शोभायात्रा और सामाजिक सुधार का संकल्प
कोटा में गौतम समाज की 18 इकाइयों ने महोत्सव को भव्य बनाने, महंगी शादियों पर रोक लगाने और यूजीसी विरोध की झांकी निकालने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

कोटा की गौतम वाटिका में आयोजित समाज की बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारी और समाज बंधु महोत्सव की तैयारियों और सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने की योजना बनाते हुए।
कोटा, 5 मार्च। महर्षि गौतम प्रकट महोत्सव को इस वर्ष ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए गौतम समाज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विशाल शर्मा ने बताया कि दादाबाड़ी स्थित गौतम वाटिका में कोटा शहर की समाज की 18 इकाइयों की एक बड़ी बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज के प्रमुख पदाधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 15 मार्च को निकाली जाने वाली शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने, सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने और समाज को संगठित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णयों के बारे में बताया।
समाज की एकजुटता और महर्षि गौतम के प्रति समर्पण
बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामलाल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री राजानंद शास्त्री ने समाज को प्रेरित करते हुए कहा कि "हमारे कुलदेव और आराध्य महर्षि गौतम ही हैं। यदि हम उनके लिए समय नहीं निकाल सकते, उनकी आराधना और सेवा के लिए संकल्पित नहीं हो सकते, तो हमारा जीवन ही व्यर्थ है।" उन्होंने कहा कि "जैसे एक पुत्र के लिए माता-पिता सर्वोपरि होते हैं और भगवान बाद में आते हैं, उसी प्रकार समाज के हर व्यक्ति के लिए पहले महर्षि गौतम और बाद में अन्य देवता होने चाहिए। महर्षि गौतम हमारे पितृदेव और सर्वदेव हैं।" भागवत कथा वक्ता पंडित श्री रवि गौतम ने कहा कि "मनुष्य जीवन का अंत निश्चित है, लेकिन यदि यह जीवन समाज और धर्म के हित में लगाया जाए तो वही जीवन सार्थक होता है अन्यथा व्यर्थ है।" बैठक में समाज के संभागीय अध्यक्ष श्री संजय गौतम ने कहा कि "यदि समाज संगठित नहीं होगा तो न्यायपालिका और कार्यपालिका भी केवल नाम की रह जाएगी वो हमारे अधिकारों की रक्षा नहीं करेगी।" उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनने का संकल्प लें।
शोभायात्रा की भव्यता और यूजीसी विरोध की झांकी
महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव कार्यक्रम के संयोजक अजय चतुर्वेदी एवं सह संयोजक हरीओम गौतम व सुरेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि बैठक में सभी इकाइयों ने शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है। प्रत्येक इकाई द्वारा लगभग 500-500 समाज बंधुओं को शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। शोभायात्रा के स्वागत के लिए शोभा यात्रा मार्ग में 101 भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे एवं पूरे मार्ग को भगवा पताकाओं द्वारा सजाया जाएगा। इसके साथ ही आतिशबाजी, घोड़ा-गाड़ी, ढोल-ताशे और आकर्षक झांकियां शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। इस बार शोभायात्रा में यूजीसी के विरोध की झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। दादाबाड़ी महिला अध्यक्ष कमलेश शर्मा व मंत्री जया शर्मा व महिला जिलाद्यक्ष लेखा दुबे ने बताया कि महिला इकाइयों द्वारा भी कई रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कुंज बिहारी गौतम ने बताया कि महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव की शोभायात्रा का शुभारंभ तीन बत्ती चौराहे से होगा, जहां अतिथियों द्वारा महर्षि गौतम के ध्वज का पूजन और ब्राह्मण बटुकों द्वारा मंगलाचरण किया जाएगा। शोभायात्रा में महिलाएं पीले वस्त्र और चुनरी तथा पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर शामिल होंगे। महर्षि गौतम की झांकी और चलित झांकियां विशेष आकर्षण रहेंगी।
सामाजिक कुरीतियों और महंगी शादियों पर कड़ा प्रहार
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगमोहन गौतम ने महंगी शादियों पर रोक लगाने का प्रस्ताव बैठक में समाज में बढ़ती महंगी शादियों की होड़ पर चिंता जताते हुए एक अहम प्रस्ताव पारित किया गया। तय किया गया कि शादियों में केवल 11 पकवान ही बनाए जाएं, ताकि दिखावे की होड़ में आम आदमी कर्जदार न बने। इन 11 पकवानों में दो सब्जी, रायता, दो मिठाई, दो नमकीन, पूड़ी, रोटी, पानी-पतासे चाट, चाय-कॉफी सूप शामिल होंगे। समाज के पदाधिकारियों ने यह भी निर्णय लिया कि इस परंपरा को बढ़ावा देने के लिए महंगी शादियों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। गौतम पूर्व अध्यक्ष प्रवीण पंचोली व शोभायात्र पूर्व संयोजक प्रमोद गौतम व टीकम पंचोली ने बताया कि पिछले वर्ष समाज द्वारा प्री-वेडिंग शूट को सामाजिक कुरीति मानते हुए इसे त्यागने का आह्वान किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और समाज में स्वतः ही इस प्रथा पर काफी हद तक रोक लग गई है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता हीरेंद्र शर्मा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनने पर समाज की ओर से उनका मंच पर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
दीपोत्सव और चंबल शुद्धिकरण के संकल्प के साथ समापन
शोभायात्रा का समापन हनुमंत वाटिका में होगा, जहां 1008 दीपकों से महाआरती की जाएगी। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत-सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और काव्य पाठ का आयोजन भी होगा। साथ ही चंबल माता की भव्य आरती कर चंबल नदी के शुद्धिकरण का संकल्प भी लिया जाएगा। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र गौतम, प्रवीण पंचोली, टीकम पंचोली, एडवोकेट महेश शर्मा, लोकेश गौतम, राजेंद्र मोहन गौतम, अनिल गौतम, हेमंत गौतम, रोहित शास्त्री, विजय पंडित, कांग्रेस की महिला जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम, अनिल गौतम, ललित गौतम, बालचंद शर्मा, हनुमान गौतम सहित समाज के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में गौतम समाज दादाबाड़ी के अध्यक्ष श्याम बिहारी गौतम और महामंत्री रमेश गौतम ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
