चंद्रेशल मठ के महंत देवानंद महाराज की हत्या, ब्राह्मण कल्याण परिषद में रोष
कोटा के चंद्रेशल मठ में अज्ञात बदमाशों ने महंत की हत्या की, ब्राह्मण कल्याण परिषद ने 36 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी।

कोटा के चंद्रेशल मठ के महंत देवानंद महाराज की हत्या के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी देते ब्राह्मण कल्याण परिषद के पदाधिकारी और शोकाकुल लोग।
चंद्रेशल मठ के महंत देवानंद महाराज की देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा धारदार हथियार से की गई निर्मम हत्या ने क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। घटना पर ब्राह्मण कल्याण परिषद ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है तथा प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौथ का बरवाड़ा निवासी महंत देवानंद महाराज पिछले चार वर्षों से चंद्रेशल मठ में रहकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। बताया गया है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले कमरे की बाहर से कुंडी लगाई और इसके बाद महंत पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या कर दी।
ब्राह्मण कल्याण परिषद के अध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और समाज को झकझोर देने वाली बताया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हत्या में शामिल आरोपियों को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो ब्राह्मण कल्याण परिषद द्वारा सोमवार को दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलने पर ब्राह्मण कल्याण परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल मोर्चरी पहुंचा। इस दौरान शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, अरुण भार्गव, भरत उपाध्याय, जगमोहन गौतम, अनिल गौतम और राजेंद्र मोहन गौतम सहित परिषद पदाधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों तथा धर्म के भाई बुद्धि प्रकाश गुर्जर से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत महंत देवानंद महाराज को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
इस अवसर पर अयोध्याजी श्रीरामलाल सेवा समिति के अध्यक्ष डॉक्टर आचार्य राजानंद जी शास्त्री भी उपस्थित रहे।
ब्राह्मण कल्याण परिषद ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की है। परिषद का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में प्रभावी साबित होगी। महंत देवानंद महाराज की हत्या ने धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में गहरी चिंता उत्पन्न कर दी है तथा अब पूरे मामले में प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
